
जयपुर। श्रावण मास शुरू होने के साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर धीमा पड़ गया है। पश्चिमी हवाएं चलने के कारण मानसूनी बादलों ने उत्तर पूर्वी राज्यों का रुख कर लिया है वहीं सप्ताह के अंत तक विंड पैटर्न में बदलाव होने पर ही मानसून फिर प्रदेश की ओर रुख करने पर झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। वहीं धौलपुर में सावन के पहले सोमवार की शुरुआत बरसात से हुई है। शहर में सुबह से रुक रुक कर करीब एक घण्टे से हल्की तेज बारिश का दौर चला। वहीं अगर देश की बात करे तो दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हरियाणा द्वारा हथिनी कुंड का पानी छोडऩे के बाद से ही दिल्ली में यमुना में उफान आ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में अगले चार पांच दिन मौसम का मिजाज शुष्क रहने वाला है। हालांकि बादलों की आवाजाही बन रही है लेकिन छिटपुट बौछारों को छोड़ शेष भागों में मौसम शुष्क रहने व दिन के तापमान में हो रही बढ़ोतरी से गर्मी और उमस परेशान करने लगी है।
राजधानी में आज सुबह बादलों की आवाजाही रही लेकिन बीते चौबीस घंटे से मौसम शुष्क रहा और शहरवासी झमाझम बारिश का इंतजार करते रहे। शहर में आज सुबह सात बजे अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज बादलों की आवाजाही रहने व अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है।
सावन के पहले सोमवार की शुरुआत बरसात से
धौलपुर। सावन के पहले सोमवार की शुरुआत बरसात से हुई है। शहर में सुबह से रुक रुक कर करीब एक घण्टे से हल्की तेज बारिश का दौर जारी है। बरसात से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तीन दिन से बरसात नहीं होने से वापस गर्मी हो गई थी और पारा एक बात 40 डिग्री से ऊपर जा पहुंचा था। सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी से बारिश की शुरुआत हुई और बाद में हल्की तेज बारिश शुरू हो गई। चेहरा बरसात और करीब 1 घंटे से जारी है और रुक रुक कर बारिश हो रही है।
यमुना का जलस्तर बढ़ा, 150 वर्ष पुराना लोहा पुल बंद
यमुना में हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से शनिवार को 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। रविवार को पानी दिल्ली पहुंचने से स्थिति गंभीर हो गई। राजधानी के कई निचले इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। करीब एक हजार घर खाली कराए गए हैं। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पुराने पुल पर यातायात भी बंद कर दिया है। वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने खुद रविवार को निजामुद्दीन ब्रिज क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने, लोगों से इलाका खाली करने की अपील की। हालांकि, पूर्वी दिल्ली के एडीएम अजय कुमार ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। जलस्तर के 208 मीटर तक पहुंचने पर कुछ इलाकों में बाढ़ आ सकती है। ऐसा 1978 के बाद दूसरी बार होगा।
Published on:
30 Jul 2018, 10:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.