6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में बड़ा हादसा, जुमे की नमाज के दौरान गिरी मस्जिद की दीवार, सामने आई ये बड़ी वजह 

राजस्थान की राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है। जुमे की नमाज के वक्त एक मस्जिद की पुरानी और जर्जर दीवार अचानक गिर जाने से करीब 10-12 नमाजी मलबे की चपेट में आ गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को पहले […]

2 min read
Google source verification

राजस्थान की राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है। जुमे की नमाज के वक्त एक मस्जिद की पुरानी और जर्जर दीवार अचानक गिर जाने से करीब 10-12 नमाजी मलबे की चपेट में आ गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को पहले कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए 11 मरीजों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रैफर कर दिया गया है।

नमाज के वक्त मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार की नमाज का वक्त था और मस्जिद में काफी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान मस्जिद की एक तरफ की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। दीवार के पास खड़े लोग सीधे मलबे के नीचे दब गए। धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई।

कांवटिया से SMS ट्रॉमा सेंटर तक 'इमरजेंसी'

हादसे के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 11 मरीजों की हालत चिंताजनक बताई और उन्हें एम्बुलेंस के जरिए तत्काल एसएमएस ट्रॉमा सेंटर रैफर किया। ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉक्टर राजेंद्र मांड्या के मुताबिक, अस्पताल पहुँचते ही घायलों का इलाज युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन अलर्ट, ICU में भर्ती मरीज

हादसे की सूचना मिलते ही एसएमएस मेडिकल कॉलेज प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

  • प्राचार्य के निर्देश: प्राचार्य डॉक्टर दीपक माहेश्वरी ने सूचना मिलते ही वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम को मोर्चा संभालने के निर्देश दिए।
  • वेंटिलेटर पर एक मरीज: घायलों में से एक मरीज की हालत अत्यंत गंभीर है, जिसे तुरंत वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है।
  • इमरजेंसी वार्ड: 10 अन्य मरीजों का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है, जिनमें से दो को आईसीयू (ICU) में रखा गया है।

भट्टा बस्ती इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद इलाके में तनाव न फैले और राहत कार्य सुचारू रूप से चल सके, इसके लिए भट्टा बस्ती थाना पुलिस सहित अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। प्रारंभिक जांच में दीवार के जर्जर होने की बात सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन अब इसकी गहनता से जांच करेगा कि मस्जिद के रखरखाव में क्या कोई लापरवाही बरती गई थी।

जर्जर इमारतों पर उठते सवाल

जयपुर के परकोटे और आसपास के इलाकों में कई ऐसी पुरानी इमारतें और धार्मिक स्थल हैं जिनकी दीवारें जर्जर हो चुकी हैं। यह हादसा एक चेतावनी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को इन ढांचों का ऑडिट कर मरम्मत सुनिश्चित करनी चाहिए।