
विशाल हाथियों का शिकार कर भूख मिटाते थे Neanderthals
लीडेन (नीदरलैंड्स). निएंडरथल (Neanderthals) मानव आज के हाथियों से तीन गुना विशाल हाथियों (Huge elephants) का शिकार करते थे। यही नहीं, आज तक उनके समूहों को जितना बड़ा समझा जाता था, शायद वे उनसे भी बड़े समूहों में रहते थे। यह दावा 'साइंस एडवांसेज' (Science Advances) जर्नल में छपे नए अध्ययन में किया गया है। यह स्टडी मध्य जर्मनी (Central Germany) में हाले (Halle) के पास मिले कुछ अवशेषों के विश्लेषण पर आधारित है। ये 1,25,000 साल पुराने अवशेष सीधे-दांत वाले हाथियों (Straight-tusked elephants) के हैं।
1980 के दशक में एक विशाल कोयले की खदान में प्लीस्टोसीन युग (Pleistocene era) के करीब 70 हाथियों की हड्डियां मिली थीं। इस खदान को अब एक आर्टिफिशियल लेक (Artificial lake) में तब्दील कर दिया गया है। उस समय के हाथी वुली मैमथ (Woolly mammoth) से भी ज्यादा विशाल होते थे और आज के एशियाई हाथी (Asian elephant) के आकार से तीन गुना बड़े थे। एक वयस्क नर हाथी का वजन 13 टन तक होने का अनुमान है।
खदान में मिले अवशेषों की उम्र और जेंडर के आधार पर शोधकर्ताओं का कहना है, ऐसा नहीं है कि इन हाथियों को मरने के बाद खाया गया, बल्कि इनका शिकार किया गया था। इनमें से अधिकांश नर थे, कुछ जवान थे और कुछ बूढ़े थे।
हाथी-शिकार का पहला प्रमाण
अध्ययन के सह-लेखक और नीदरलैंड्स (Netherlands) की लीडेन यूनिवर्सिटी (Leiden University) में पुरातत्त्व (Archeology) के प्रोफेसर विल रोब्रोक्स (Wil Roebroeks) का कहना है, इन विशाल जानवरों का शिकार कर उनके मांस को खाना इस इलाके में निएंडरथल की निर्वाह गतिविधियों (Neanderthal subsistence activities) का हिस्सा था। यह मानव विकास में हाथियों के शिकार का पहला स्पष्ट प्रमाण है। अध्ययन से पता चलता है कि इस इलाके में 2,000 से 4,000 साल तक रहने वाले निएंडरथल मानव कम गतिशील थे और उनके समूह 'आम तौर पर जितना समझा गया है उससे कहीं ज्यादा बड़े थे।'
एक हाथी से कई माह का भोजन
रोब्रोक्स के मुताबिक, वयस्क नर हाथियों का शिकार करना ज्यादा आसान होता होगा, क्योंकि मादा अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए झुंडों में चलती थीं। वयस्क नर अधिकांश अकेले रहने वाले जानवर होते हैं। इस वजह से उन्हें आसानी से गड्ढों की तरफ दौड़ा कर, उनमें गिरा कर शिकार किया जा सकता था। शोधकर्ताओं का कहना है कि निएंडरथल मानव एक हाथी से बड़ी मात्रा में मिले भोजन को संरक्षित (Preserve) करने में सक्षम थे और उससे महीनों तक अपना काम चला सकते थे। रोब्रोक्स ने बताया, 'करीब 10 टन के वजन वाले औसत नर हाथी से इतना मांस मिलता था कि उससे एक वयस्क निएंडरथल कम से कम 2,500 दिन तक अपना पेट भर सकता था।'
पत्थर के औजारों का इस्तेमाल
शोधकर्ताओं के अनुसार, निएंडरथल जानवरों को काटने के लिए चकमक पत्थर के औजारों (Flint tools) का इस्तेमाल करते थे, जिनकी वजह से अच्छी तरह से संरक्षित हड्डियों पर स्पष्ट निशान हैं। रोब्रोक्स ने बताया, 'ये क्लासिकल कट (Classical cut) के निशान हैं जो हड्डी से मांस को काटने और खुरचने से आते हैं।' चारकोल से आग (Charcoal fires) के सबूत भी मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि उन लोगों ने मांस को आग के ऊपर लटका कर उसे सुखाया भी होगा। रोब्रोक्स कहते हैं, यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि ये लोग कितने बड़े समूहों में रहते थे।
Published on:
04 Feb 2023 01:18 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
