नाइट बाजार का पहला दिन: रंगबिरंगी लाइट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
जयपुर. लम्बे इंतजार के बाद सोमवार को जलमहल की पाल पर डेमो के तौर पर नाइट बाजार की शुरुआत हुई। पहले दिन शहरभर से लोग पहुंचे। कुछ विदेशी सैलानी भी नाइट बाजार देखने पहुंचे। यहां लगीं 150 दुकानों को एक एककर सभी ने देखा और पसंद की वस्तुएं खरीदीं।
दिवाली देखते हुए सजावटी सामान की दुकानें ज्यादा लगी थीं। हैंडीक्राफ्ट के ढेर सारे विकल्प मौजूद थे। ब्लू पॉटरी से लेकर सांगानेरी प्रिंट की दुकानों पर खूब भीड़ दिखी। खान-पान के शौकीनों को भी यहां कई विकल्प मिले।
आकर्षित करने के लिए ये
-युवाओं के लिए जगह-जगह सेल्फी स्टैंड बनाए गए हैं।
-विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग से तीन वीआइपी लाउंज बनाए गए हैं।
-सैलानियों को लुभाने के लिए चरी, घूमर, कालबेलिया नृत्य के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
ये अच्छी पहल
दिवाली को देखते हुए मैंने यहां आकर सजावटी सामान की खरीदारी की है। यहां का लाइव राजस्थानी म्यूजिक मुझे बहुत पसंद आया।
-मंजू यादव, हनुमान नगर
खान पान और शॉपिंग के लिहाज से यह अच्छा विकल्प है। शाम को परिवार के साथ नाइट बाजार घूमा जा सकता है।
-अक्षय गर्ग, कीर्ति नगर