4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिजली उपभोक्ता को थमाया नोटिस, वसूलेंगे करोड़ों रुपए

उपभोक्ता को दे रहे प्रतिमाह बिल, प्रतिभूति राशि की गणना 2 माह के आधार पर क्यों?

2 min read
Google source verification
बिजली उपभोक्ता को थमाया नोटिस, वसूलेंगे करोड़ों रुपए

बिजली उपभोक्ता को थमाया नोटिस, वसूलेंगे करोड़ों रुपए

जयपुर। राज्य के बिजली उपभोक्ताओं की जेब से मोटी राशि निकालने की तैयारी है। यह रकम प्रतिभूति (सिक्यूरिटी) राशि के रूप में ली जाएगी, जिसके लिए डिस्कॉम्स ने उपभोक्ताओं को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। बिल के साथ नोटिस देख लोग परेशान हो रहे हैं। प्रदेशभर में ऐसे 40 लाख से ज्यादा उपभोक्ता शामिल हैं। गंभीर यह है कि प्रतिभूति राशि की गणना दो माह की बिलिंग के आधार पर की गई है, जबकि जयपुर डिस्कॉम के 12 जिलों और जोधपुर व अजमेर डिस्कॉम के कुछ एक सर्किल में हर माह बिल जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में एक माह की बिल राशि के आधार पर ही गणना होती और उपभोक्ताओं की सिक्यूरिटी राशि आधी हो जाती। खुद को सही साबित करने के लिए डिस्कॉम्स, राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग की ओर से जारी रेगुलेशन की आड़ ले रहा है।

यूं समझें प्रतिभूति राशि
डिस्कॉम हर उपभोक्ता से एडवांस राशि लेता है, जो प्रतिभूति राशि के रूप में होती है। इसके पीछे तर्क है कि यदि उपभोक्ता बिल जमा नहीं कराता है तो इस प्रतिभूत राशि में से बिल जमा कर लिया जाए। मसलन, मोहित जैन के घर का दो माह का औसत बिल 6 हजार रुपए आ रहा है तो डिस्कॉम उपभोक्ता से अतिरिक्त 6 हजार रुपए प्रतिभूति राशि के रूप में अपने पास जमा रखेगा।

डिस्कॉम चाहे तो मिल सकती है राहत
नियम- विद्युत सप्लाई नियम और शर्त,2020 प्रभावी है। इसके तहत 12 माह के विद्युत उपभोग के आधार पर औसत उपभोग की गणना करते हैं और दो माह के बिजली बिल के बराबर सिक्यूरिटी राशि लेते हैं। इसमें विद्युत खर्च और स्थाई शुल्क को जोड़ा जाता है। यदि वोल्टेज रिबेट है तो उसे घटाते हैं। इस आधार पर प्रतिभूति राशि की गणना की जाती है।
हकीकत- जब नियम प्रभावी हुए तब बिलिंग प्रक्रिया दो माह में हो रही थी। यानी, उपभोक्ता को दो माह में विद्युत उपभोग के आधार पर बिल दिया जाता रहा। लेकिन अब स्पॉट बिलिंग शुरू हो चुकी है, जिसमें हर माह बिलिंग हो रही है। इसके बाद भी डिस्कॉम दो माह बिजली बिल के आधार पर प्रतिभूति राशि ले रहा है।
राहत- डिस्कॉम चाहे तो राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग में संशोधन के लिए पीटिशन दाखिल कर सकता है। हर माह बिलिंग होने पर प्रतिभूति राशि भी एक माह की ही लेने का तर्क दे सकते हैं। इस आधार पर उपभोक्ता को राहत मिल सकती है।

उपभोक्ता को ब्याज देने का दावा
उपभोक्ता को जमा प्रतिभूति राशि पर ब्याज देने का तर्क दिया जा रहा है। डिस्कॉम बैंक रेट के आधार पर ब्याज की गणना करता है। साल में एक बार एक साथ ब्याज की गणना करते हैं और बिजली बिल कम कर देते हैं। अभी 7 प्रतिशत ब्याज दर देने का दावा कर रहे हैं।