28 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब सात संभागों के दौरे पर गहलोत-डोटासरा, चुनावी रण के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

- 28 मार्च से सात संभागों में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठनात्मक कामकाज की भी करेंगे समीक्षा, राहुल गांधी के साथ केंद्र सरकार की ओर से दिए गए व्यवहार को भी आमजन तक पहुंचाने का देंगे टास्क , 28 मार्च को बीकानेर और जोधपुर संभाग के कार्यकर्ताओं की होगी बैठक

2 min read
Google source verification
govind_singh_dotasara.jpg

जयपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने मामले और केंद्र सरकार की कथित गलत नीतियों को आम जन तक पहुंचाने के लिए अब कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर आई है। खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जाकर केंद्र सरकार की गलत नीतियों को आम जन तक पहुंचाने टास्क कार्यकर्ताओं को देंगे। इसके लिए बाकायदा गहलोत, डोटासरा और रंधावा के सातों संभाग के दौरे तय किए गए हैं।


28 मार्च से लेकर 1 अप्रैल तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासर और प्रदेश प्रभारी सुखदेव सिंह रंधावा बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं-नेताओं की बैठक लेंगे और उन्हें राहुल गांधी के साथ केंद्र सरकार की ओर से किए गए व्यवहार और और नीतियों की जानकारी घर घर पहुंचाने के निर्देश देंगे।


संभागवाइज बैठकों के बाद जिला और ब्लॉक लेवल के कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाएंगे और आमजन को बताएंगे कि किस प्रकार से केंद्र सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है, साथ ही सरकार से सवाल करने वाले विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स का इस्तेमाल किया जा रहा है, और किस प्रकार से कांग्रेस के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह से घर-घर जाकर केंद्र सरकार की गलत नीतियों की जानकारी आमजन को देंगे तो जनता का जुड़ाव कांग्रेस के साथ होगा।

चुनावी रण के लिए भी तैयार करेंगे कार्यकर्ताओं को
वहीं संभागवाइज बैठकों के दौरान तीनों नेता प्रदेश में 9 महीने के बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुनावी रण के लिए तैयार करेंगे और उन्हें अभी से ही चुनावी तैयारियों में जुट जाने के निर्देश भी देंगे।

संगठनात्मक मुद्दों पर भी होगी चर्चा
वहीं बैठक के दौरान तीनों नेता संगठनात्मक मुद्दों को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे, साथ ही कार्यकर्ताओं और नेताओं के गिले-शिकवे भी सुनेंगे और उन्हें दूर करने का प्रयास करेंगे।

लंबे समय के बाद संभागवार बैठकें
राजस्थान कांग्रेस में लंबे समय के बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से संभागवार बैठकें आयोजित हो रही हैं, इससे पहले पूर्व प्रदेश प्रभारी रहे अजय माकन ने संभागवार बैठकों का दौर शुरू किया था और उन्होंने कई संभागों के दौरे करते कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनी थी लेकिन अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डोटासरा कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।

गौरतलब है कि मानहानि मामले में सूरत की एक अदालत की ओर से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 2 साल की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी संसद सदस्यता समाप्त कर दी गई थी इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से रविवार को देशभर में सत्याग्रह आंदोलन किया गया था। प्रदेश में भी राजधानी जयपुर से लेकर सभी जिलों में सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे सत्याग्रह आंदोलन किया गया था।


यह रहेगा सात संभागों का दौरा
28 मार्च को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सुबह 11 बजे बीकानेर संभाग की बैठक लेंगे और उसके बाद दोपहर 3 बजे जोधपुर संभाग की बैठक लेंगे। 29 मार्च को दोपहर 3 उदयपुर संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। 30 मार्च को सुबह 11 बजे कोटा और दोपहर 3 बजे अजमेर संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। 1 अप्रैल को सुबह 11 बजे भरतपुर और दोपहर 3 बजे जयपुर संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी।

वीडियो देखेंः- Congress Protest: ईडी के खिलाफ आज कांग्रेस का सत्याग्रह आंदोलन, शहीद स्मारक पर होगा धरना | Protest