
अब झारखंड में एनडीए में दरार,अब झारखंड में एनडीए में दरार
रांची. नई दिल्ली
महाराष्ट्र के बाद अब झारखंड में भाजपा के अगुवाई वाले एनडीए में दरार पड़ गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान ने ऐलान किया है कि लोजपा झारखंड में विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। पार्टी 81 में से 50 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट जारी करेगी।
लोजपा अब तक एनडीए का हिस्सा थी। उसने झारखंड में एनडीए के सहयोगी के तौर पर छह सीटें मांगी थीं, लेकिन रविवार को भाजपा ने अपने 52 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। इसके बाद ही सोमवार को चिराग ने झारखंड में अकेले लडऩे का संकेत दिया था। चिराग ने कहा, हम इस बार टोकन के रूप में दी गई सीटों को स्वीकार नहीं करेंगे।
इसलिए टूटा गठबंधन
लोजपा ने भाजपा से संथाल परगना के जरमुंडी विधानसभा समेत 6 सीटों की मांग की थी, लेकिन भाजपा ने इन सीटों पर प्रत्याशी उतार दिया।
तीन चुनाव में एक भी सीट नहीं जीती
लोजपा ने 2005 में 38 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन एक भी प्रत्याशी नहीं जीत पाया। 2009 के चुनाव में लोजपा ने झारखंड में 10 सीट और 2014 में एनडीए गठबंधन के तहत एक सीट पर चुनाव लड़ा था। 2009 और 2014 में एक भी सीट पर लोजपा प्रत्याशियों को जीत हासिल नहीं हुई थी। 2014 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने आजसू और लोजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। राज्य 81 सीटों में से 72 सीटों पर भाजपा, 8 पर आजसू और शिकारीपाड़ा सीट पर लोजपा ने उम्मीदवार उतारा था। इस सीट पर लोजपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहा था।
आजसू ने भी भाजपा के खिलाफ उतारे प्रत्याशी
झारखंड में सरकार का हिस्सा सुदेश महतो की पार्टी आजसू ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की सीट सहित कुछ सीटों पर भाजपा के खिलाफ प्रत्याशी उतारे हैं। आजसू की 12 प्रत्याशियों की पहली सूची में 4 सीटें ऐसी हैं, जिनपर भाजपा पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। हालांकि सुदेश महतो ने कहा कि अभी संभावनाएं खत्म नहीं हुई हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
जदयू भी अलग लड़ रही
बिहार में भाजपा की सहयोगी नीतीश कुमार की पार्टी जदयू भी झारखंड में अलग लड़ रही है। उसने पहले चरण की 13 में से 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। हालांकि, एनडीए में वापसी के बाद नीतीश कह चुके हैं कि भाजपा से गठबंधन सिर्फ बिहार में है।
Published on:
13 Nov 2019 12:39 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
