25 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

And the Oscar goes to… ‘Naatu Naatu’ और ‘Elephant’ की जय हो…

Oscars में भारत का सूर्योदय दक्षिण से... भारतीय फिल्मों का खाता खुला, पहली बार एक साथ जीतीं दो ट्रॉफी। 'आरआरआर' की टीम सातवें आसमान पर, 'The Elephant Whisperers' को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री (शॉर्ट फिल्म) का खिताब।

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Aryan Sharma

Mar 14, 2023

Oscars 2023: 'Naatu Naatu' और 'Elephant' की जय हो...

Oscars 2023: 'Naatu Naatu' और 'Elephant' की जय हो...

लॉस एंजिल्स. एस.एस. राजामौली की तेलुगू फिल्म 'आरआरआर' के बिजली जैसे फुर्तीले गीत 'नाटू नाटू' (नाचो नाचो) ने सोमवार सुबह इतिहास रच दिया। लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में ऑस्कर अवॉर्ड समारोह में इसे सर्वश्रेष्ठ मूल गीत की ट्रॉफी से नवाजा गया। भारत को एक और खुशखबर निर्देशक Kartiki Gonsalves की 'The Elephant Whisperers' ने दी। इसे सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री (शॉर्ट फिल्म) घोषित किया गया। ऑस्कर के 95 साल के इतिहास में यह पहला मौका है, जब भारत ने एक साथ दो ट्रॉफियां जीती हैं। 'नाटू नाटू' की जीत इस लिहाज से गौरवशाली है कि पहली बार किसी भारतीय फीचर फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड की किसी श्रेणी में ट्रॉफी से नवाजा गया है। भारत की तरफ से इस बार जलवायु परिवर्तन की थीम वाली निर्देशक Shaunak Sen की डॉक्यूमेंट्री (फीचर) 'All That Breathes' भी ऑस्कर की दावेदार थी, लेकिन इस श्रेणी में कनाडा के फिल्मकार Daniel Roher की 'Navalny' ने बाजी मारी।
'नाटू नाटू' इस साल गोल्डन ग्लोब और क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड जीत चुका है। ऑस्कर अवॉर्ड समारोह में इसके संगीतकार एम.एम. कीरवानी और गीतकार चंद्रबोस के साथ 'आरआरआर' के निर्देशक एस.एस. राजामौली, दोनों मुख्य अभिनेता राम चरण और एनटीआर जूनियर भी मौजूद थे।

पता था, इस गीत की होगी जीत : कीरवानी
'नाटू नाटू' के संगीतकार एम.एम. कीरवानी ने गीतकार चंद्रबोस के साथ ऑस्कर की ट्रॉफी ग्रहण करने के बाद कहा, 'मुझे भरोसा था कि इस गीत में जीतने की ताकत है। यह घमंड नहीं है। मैं संगीतकार के रूप में अपनी क्षमताओं को जानता हूं। मुझे पता है कि मेरी हर कंपोजिशन कैसी है। मुझे लगता है कि इस गाने में मैंने अच्छा प्रदर्शन किया है।' मंच से जब कीरवानी ने यह गाना थोड़ा-सा गुनगुनाया तो थिएटर में देर तक तालियां गूंजती रहीं।' कीरवानी को हाल ही पद्मश्री से नवाजा जा चुका है। वह एम.एम. करीम के नाम से कुछ हिंदी फिल्मों में संगीत दे चुके हैं। इनमें 'क्रिमिनल' का 'तू मिले दिल खिले', 'जख्म' का 'गली में आज चांद निकला' और 'सुर' का 'आ भी जा' काफी लोकप्रिय हुए थे।


गुनीत मोंगा का दूसरा धमाका
दिल्ली में जन्मीं गुनीत मोंगा 'The Elephant Whisperers' की निर्माता हैं। उन्होंने डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में दूसरी बार ऑस्कर अवॉर्ड जीता है। वह 2019 में अमरीकी डॉक्यूमेंट्री 'Period. End of Sentence' के लिए भी यह अवॉर्ड जीत चुकी हैं। 'The Elephant Whisperers' तमिलनाडु के मुदुमलाई टाइगर रिजर्व में रहने वाले दम्पती बोम्मन और बेल्ली के एक हाथी से अटूट रिश्ते पर आधारित है। पूरी डॉक्यूमेंट्री उन पर उनके इलाके में फिल्माई गई। हालांकि इस दंपती ने अब तक डॉक्यूमेंट्री नहीं देखी है। गुनीत मोंगा ने ट्वीट में लिखा, किसी भारतीय डॉक्यूमेंट्री ने पहला ऑस्कर पुरस्कार जीता है। मैं अब तक कांप रही हूं।


दीपिका बोलीं, अगर नहीं जानते तो अब जान जाएंगे...
'नाटू नाटू' को विजेता घोषित किए जाने से पहले ऑस्कर समारोह में गायक Rahul Sipligunj और Kaala Bhairava ने इस गीत की लाइव प्रस्तुति दी। प्रस्तुति से पहले समारोह की प्रस्तोता दीपिका पादुकोण ने मंच से कहा, 'पूरी दुनिया में लोग इस गाने पर झूमे हैं। अगर आप गाने के बारे में अब तक नहीं जानते हैं, तो इस परफॉर्मेंस के बाद जान जाएंगे।' ऑस्कर के मंच पर दीपिका पादुकोण का आना भी भारत के लिए गौरव का पल रहा। परसिस खंबाटा और प्रियंका चोपड़ा के बाद वह तीसरी भारतीय अभिनेत्री हैं, जिन्हें ऑस्कर समारोह में प्रस्तोता बनने का मौका मिला।

हॉलीवुड कॉमेडी को 7 ट्रॉफियां
इस बार सबसे ज्यादा सात ट्रॉफियां हॉलीवुड की कॉमेडी फिल्म 'Everything Everywhere All at Once' ने जीतीं। इसी फिल्म के लिए मलेशियाई अभिनेत्री Michelle Yeoh को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब मिला। ऑस्कर जीतने वाली वह पहली एशियाई अभिनेत्री हैं। 'एवरीथिंग एवरीव्हेयर ऑल एट वन्स' से पहले 2008 में 'Slumdog Millionaire' ने आठ ट्रॉफियां जीती थीं।