जयपुर. वैशाख शुक्ल पंचमी के दिन ठिकाना मंदिर श्री रामचन्द्रजी, चांदपोल बाजार का 131 वां स्थापन दिवस (पाट उत्सव) धूमधाम से मनाया गय। शुक्रवार सुबह महंत नरेंद्र तिवाड़ी के सान्निध्य में ठाकुरजी का मंत्रोच्चारण के साथ ,विधि विधान के साथ दूध, घी, बुरा, शहद, दही, गुलाब,मोगरा,खस के इत्र, केसर, चंदन, फल मिश्रित सुगंधित जल, सूखे मेवे मिश्रित दूध आदि से अभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। अभिषेक के बाद शुद्ध जल से स्नान करवा कर ठाकुरजी को रियासत काल की राजशाही जरदोजी की पोशाक व चुंदड़ी का साफा धारण करवाकर मनमोहक शृंगार किया गया। इसके साथ ही भक्त समाज की ओर से बधाई गान किया। ठाकुरजी को आभूषण भी धारण करवाए गए। दोपहर दोपहर 2 बजे भगवान की पाट उत्सव की मुख्य आरती हुई। इसके बाद पंजीरी पंचामृत वितरण किया गया। शाम को संध्या आरती में 51 हवाई गर्जना के साथ श्रद्धालुओं ने एक साथ श्री राम दरबार की आरती उतारी।