
राकेश वर्मा
Sachin Pilot Interview: टोंक विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पार्टी के स्टार प्रचारक हैं। वे चुनावी रण में जुटे हुए हैं। इस बीच उनसे राकेश वर्मा ने प्रदेश में राजनीतिक हलचल एवं चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उनसे किए गए सवाल जवाब के मुख्य अंश इस प्रकार हैं।
Q आप किस तरह के मुद्दों को लेकर वोटर के पास जा रहे हैं?
क्षेत्र में करीब 190 गांव हैं। हर गांव तक हम पंहुचे हैं। चाहे कोई छोटा हो या बड़ा हो। हम सबको साथ लेकर चले हैं। प्रदेशभर में हमने विकास किया है। विकास के आधार पर ही वोट ले रहे हैं।
Q विरोध की स्थिति बन रही है तो कैसे सम्भालेंगे ?
नाराजगी हर जगह होती है। कुछ यहां भी थी, जिसे दूर कर लिया है। फिलहाल कोई भी नाराज नहीं है। बल्कि लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों में चाहत है, विरोध नहीं है।
Q विधानसभा क्षेत्र में भविष्य की योजना क्या है ?
ऐसा मैं सोचता हूं कि टोंक विधानसभा क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। यहां बडे़ उद्योग लगने चाहिए, जिससे लोगों को ज्यादा रोजगार मिले। हम सबको साथ लेकर चले हैं। आगे भी ऐसी योजनाएं बनाएंगे, जिनसे रोजगार बढ़ेगा।
Q क्या लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं ?
लगातार पार्टी से लोग जुड़ रहे हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जब लोग कांग्रेस में नहीं जुड़ रहे हों। यहां तक कि चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने भी समर्थन दिया है।
Q गांव-गांव, घर-घर जा रहे हैं। क्या विशेष रणनीति है ?
पांच साल के कार्यकाल में हमने गांवों में विकास करवाया है। यह चुनाव इस बार इतिहास बनाएगा। परिपाटी बदलेगी और रिवाज बदलेगा। दीपावली का पर्व गया है। लोगों से मुलाकात भी हो रही है। गांव-गांव, शहर में लोगों से मुलाकात की है।
Q राजनीति में धर्म का उपयोग होने लगा है, यह कितना उचित है?
भाजपा चुनाव में जज्बाती मुद्दों का राजनीतिकरण करती है। जो सही नहीं है। भाजपा जनहित के मुद्दों यथा बिजली, पानी और शिक्षा की जगह धर्म की राजनीति करती है।
Q राज्य में मुख्यमंत्री कौन होगा ?
मुख्यमंत्री आलाकमान तय करेगा। फिलहाल सभी साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और प्रदेश में सरकार रिपीट हो रही है।
Q क्या विजन लेकर पहुंच रहे हैं लोगों के बीच ?
कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में अच्छा कार्य किया है। टोंक विधानसभा क्षेत्र में विकास हुआ है। विकास ही विजन है। पहले भी कराया था और आगे भी कराएंगे। विकास के आधार पर ही लोगों से मिल रहे हैं।
Q वर्ष 2018 और 2023 के विधानसभा चुनाव के बीच आप क्या अंतर देखते हैं...?
यह चुनाव महत्त्वपूर्ण है क्योंकि 2018 में हम विपक्ष में थे। यहां बीजेपी के विधायक थे। बीजेपी की सरकार थी। 2018 के चुनाव में जनता ने हम पर विश्वास किया, हमारी सरकार बनी। पांच साल में हमने गांवों में विकास करवाया है। यह चुनाव इतिहास बनाएगा।
Q क्या टोंक की जनता का रेल का सपना पूरा होगा?
टोंक को रेल से जोड़ने की पुरानी परियोजना है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब सरकार ने बजट में इसकी घोषणा की थी। लेकिन, पिछले 9 सालों में केंद्र सरकार ने राजस्थान की जनता के साथ भेदभाव किया है। केंद्र को अपनी सोच व्यापक करनी चाहिए। भेदभाव नहीं करना चाहिए।