13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्रिका स्पीक आउट में गूंजी करतारपुरा की समस्याएं, प्रदूषण से लेकर सीवर तक परेशानी

कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने उत्तर पश्चिम रेलवे की फेज-2 स्थित लॉन्ड्री से फैल रहे वायु और ध्वनि प्रदूषण पर नाराजगी जताते हुए इसे हटाने की पुरजोर मांग की।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Abdul Bari

Apr 13, 2026

रेलवे लॉन्ड्री हटाने की मांग, सफाई, पानी और अवैध गतिविधियों से जनता से आक्रोश

जयपुर। करतारपुरा सरकारी स्कूल के पीछे रविवार को आयोजित पत्रिका के स्पीक आउट कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने उत्तर पश्चिम रेलवे की फेज-2 स्थित लॉन्ड्री से फैल रहे वायु और ध्वनि प्रदूषण पर नाराजगी जताते हुए इसे हटाने की पुरजोर मांग की। स्थानीय बुजुर्ग तुलसी राम शर्मा ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रदूषण मंडल में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा सीवर की समस्या, नाले की सफाई, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दों पर भी क्षेत्रवासियों ने खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में अवैध तरीके से शराब बिक्री और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर भी लोगों में रोष देखा गया।

-करतारपुरा नाले की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। नाले में कई फीट तक मलबा जमा है, जिससे जलभराव और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। समय रहते सफाई जरूरी है।
-रामनारायण जांगिड़

-बाबा रामदेव मंदिर के पीछे सीवर समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। गंदगी और बदबू से लोगों को परेशानी हो रही है।
-मीरा देवी

-सुदर्शनपुरा से गुर्जर की थड़ी तक नाले को पाटकर दोनों ओर पक्का रोड बनाया जाना चाहिए। इससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र का विकास भी तेजी से हो सकेगा।
-जितेन्द्र कुमार

-क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। सड़कों और गलियों में नियमित रूप से झाड़ू नहीं लगती, जिससे गंदगी फैली रहती है। नगर निगम को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
-चंद्र प्रकाश नागर

-क्षेत्र में पानी कम प्रेशर से आता है, जिससे दैनिक कार्यों में परेशानी होती है। गर्मियों में यह समस्या और बढ़ जाती है, इसलिए जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार जरूरी है।
-पुष्पा देवी

-इलाके में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं और खुलेआम जुआ खेलते हैं। इससे माहौल खराब होता है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
-डीपी सैनी

-क्षेत्र में रात आठ बजे के बाद भी अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही है। इससे माहौल खराब हो रहा है और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। प्रशासन को सख्त कार्रवाई कर इस पर रोक लगानी चाहिए।
-पुरुषोत्तम भारद्वाज

-क्षेत्र के लोगों को ​नगर निगम से पट्टे लेने में काफी समस्या आ रही है। निगम के रिकॉर्ड में क्षेत्र की कई कॉलोनियां कच्ची बस्ती के रुप में दर्ज हैं।
-सतीष कुमार

  • क्षेत्र की समस्याओं को लेकर यह भी हुए मुखर: इस दौरान बाल कृष्ण कुमरावत, निखिल रेसवाल, ओमप्रकाश सैनी और जगदीश प्रसाद वर्मा समेत अन्य ने भी क्षेत्र की समस्याएं रखीं।