27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान के पैरा एथलीट सुंदर ने रचा विश्व कीर्तिमान, बेहतरीन परफॉर्मेंस के साथ जीता चैम्पियनशिप का ‘गोल्ड’

राजस्थान के सुंदर ने इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स में बनाया विश्व रिकॉर्ड, जैवेलियन थ्रो में 64.11 मीटर तक किया थ्रो
2 min read
Google source verification
sundar gurjar para athelit rajasthan

जयपुर.

हाल में बर्लिन में हुई विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर स्वदेश लौटे राजस्थान के पैरा एथलीट सुंदर गुर्जर ने एक और कारनामा कर दिया है। सुंदर ने बेंगलूरु में आयोजित इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जैवेलियन थ्रो स्पर्धा की एफ-46 कैटेगरी में न केवल विश्व रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक जीता, बल्कि 2016 रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता राजस्थान के ही देवेन्द्र झाझडि़या को भी पीछे छोड़ दिया।

सुंदर ने अपनी कैटेगरी में 64.11 मीटर तक जैवेलियन थ्रो कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि झाझडि़या 57.94 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे।

पैरा एशियन गेम्स की फाइनल ट्रायल
सुंदर के कोच महावीर प्रसाद सैनी ने बेंगलूरु से बताया कि यह टूर्नामेंट पैरा एशियन गेम्स के लिए फाइनल ट्रायल भी है। पैरा एशियन गेम्स अक्टूबर माह में इंडोनेशिया में होने हैं। कोच ने कहा कि हाल के प्रदर्शन को देखते हुए हमें पूरी उम्मीद है कि वह पैरा एशियन गेम्स में भी देश के लिए पदक जीतकर लाएगा वह भी रिकॉर्ड के साथ। हालांकि इस टूर्नामेंट में सुंदर की टक्कर सीधे तौर पर अपने ही प्रदेश के देवेन्द्र झाझडि़या से थी, लेकिन शानदार फॉर्म में चल रहे इस एथलीट ने हिम्मत नहीं हारी। अपनी इस सफलता का श्रेय सुंदर कोच महावीर सैनी को ही देते हैं, जिनके प्रयासों से वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स में किया था ये कारनामा
सुंदर ने इसी माह बर्लिन में सम्पन्न वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रांप्री चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। चैम्पियनशिप की जैवेलियन थ्रो स्पर्धा में सुंदर ने 61.97 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था, जबकि डिस्कस थ्रो स्पर्धा में उन्होंने 42.33 मीटर तक थ्रो कर बाजी मारी थी। सुंदर जैवेलियन, डिस्कस और शॉटपट स्पर्धा का नियमित अभ्यास करते हैं। दुबई में होने वाले फाजा खेलों में पिछले दो बार से सुंदर इन तीनों स्पर्धाओं का खिताब अपने नाम करते आ रहे हैं। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सुंदर 2016 रियो पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे थे।