
सर्व समाज के लोग कर रहे पितृ तर्पण, नि:शुल्क हो रहा आयोजन, यज्ञ में कर रहे विशेष आहुतियां अर्पित
जयपुर। श्राद्ध पक्ष में गायत्री परिवार ने नि:शुल्क श्राद्ध-तर्पण करवाने की पहल की है। श्राद्ध पक्ष में किसी कारणवश अपने दिवंगत पितरों का श्राद्ध कर्म नहीं कर पाए लोगों की सुविधा के लिए कई स्थानों पर श्राद्ध कर्म करवाया जा रहा है। इसमें कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है। ब्रह्मपुरी गायत्री शक्तिपीठ में रोजाना सुबह 7 बजे नि:शुल्क श्राद्ध तर्पण करवाया जा रहा है। इसके बाद गायत्री यज्ञ किया जा रहा है, जिसमें विशेष आहुतियां अर्पित की जा रही है। 14 अक्टूबर को यहां बड़े स्तर पर आयोजन होगा।
रिद्धि सिद्धि प्रज्ञा मंडल की ओर से मध्यम मार्ग किरण पथ मानसरोवर स्थित वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केन्द्र में 7 अक्टूबर को सुबह सात से 9 बजे तक निशुल्क सामूहिक तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी समाजों के लोग शामिल होकर अपने दिवंगत पितरों के निमित्त तर्पण कर सकेंगे। तर्पण के बाद पंच कुंडीय गायत्री यज्ञ होगा। हवन में पितरों के लिए यम गायत्री मंत्र के साथ विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी।
संपूर्ण कार्यक्रम नि:शुल्क
कार्यक्रम संयोजक प्रभाती लाल सैनी ने बताया कि पितृ तर्पण एवं महायज्ञ का संपूर्ण कार्यक्रम नि:शुल्क है। समाज के हर वर्ग, महिला, पुरुष, युवा एवं वृद्धजन भाग लेकर अपने स्वजनों, मित्रों, निकटस्थ एवं दूरस्थ रिश्तेदारों तथा परिजनों को तर्पण कराते हुए यज्ञीय आहुति से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति की कामना कर सकते हैं।
सामूहिक श्राद्ध तर्पण
गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी और कालवाड़ के संयुक्त तत्वावधान में सर्व पितृ अमावस्या पर 14 अक्टूबर को मुरलीपुरा के विकासनगर ए स्थित राधा कृष्ण शिव मंदिर में सामूहिक श्राद्ध तर्पण और पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विकास नगर समिति के अध्यक्ष हाकिम सिंह शेखावत, देवेन्द्र शर्मा ने राधा कृष्ण शिव मंदिर में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। इससे पूर्व 8 अक्टूबर को झोटवाड़ा के सत्यनगर की न्यू कॉलोनी के करणी माता मंदिर में सुबह सात से नौ बजे तक श्राद्ध तर्पण और 9 से 11 बजे तक पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा।
Published on:
06 Oct 2023 11:53 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
