विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में नशेडियों और छिटपुट चोरी की वारदात करने के आदतन और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ करते हुए पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के सभी कबाडियों की अकस्मात चैकिंग कर चोरी का सामान नहीं खरीदने की सख्त हिदायत दी। सभी कबाड़ी को सीसीटीवी लगाने और माल लेकर आने वाले व्यक्तियों का पूरा ब्यौरा रखने के लिए पाबंद की गई।
डीसीपी (उत्तर) राशि डोगरा डूडी ने बताया कि विद्याधर नगर क्षेत्र में आस-पास के सार्वजनिक स्थानों, पार्कों फुटपाथ पर अकारण बैठकर नशा करने और नशे में चोरी की छिटपुट वारदात करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इस पर एडिशनल डीसीपी धर्मेन्द्र सागर, एसीपी महेन्द्र कुमार गुप्ता और थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने जेडीए कच्ची बस्ती, सुन्दर नगर, पुराना विद्याधर नगर व अन्य सार्वजनिक पार्को, स्थानों पर बैठकर नशा करने वाले व्यक्तियों और छुटपुट चोरी की वारदात करने वाले शख्सों को चिन्हित कर आकस्मिक कार्रवाई करते हुए 22 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। ताकि क्षेत्र में छिटपुट चोरी की वारदात और नशे की आदतों पर रोक लगाई जा सके।
शमशान घाट पर बैठकर करते है नशा
पुलिस ने विद्याधर नगर क्षेत्र में पार्को शमशान घाट आदि जैसे सूने स्थानों पर नशा करने वाले व्यक्तियों और नशे की हालत में सूने निर्माणाधीन मकानों में घुसकर सामान उठाने, पार्कों से ट्री गार्ड, सीवर ढक्कन आदि ले जाने की वारदात करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई के लिए अलग अलग टीम बनाकर धरपकड़ की गई। पुलिस ने थाना क्षेत्र के सभी कबाड़ी की दुकानों और गोदामों में अकस्मात चैकिंग की। सभी कबाड़ी को स्वयं के परिसर में सीसीटीवी लगाने और माल लेकर आने वाले सभी व्यक्तियों का ब्यौरा एक रजिस्टर में लिखने के लिए नोटिस देकर पाबंद किया है।
यह लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने 22 लोगों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपी दानिश, सोहिल, जाकीर, तालीब, इरशाद, एजाज कुरैशी, जावेद, शाहरूख, रितेश शर्मा, सुरेन्द्र भीम, युसुफ, अब्दुला शाह, मोहित शर्मा, मनमोहन शर्मा, समीर, राजवीर, रोहिन शर्मा, सुरेन्द्र बुनकर, प्रताप सिंह, दीपू, मोनू सिंह उर्फ मोनू और कालू नायक को गिरफ्तार किया हैं। इनमें शाहरूख, मो. अब्दुल्ला शाह, मोनू सिंह और कालू नायक का पहले आपराधिक रिकार्ड भी रह चुका हैं।