
जयपुर में तेज रफ्तार कार का कहर: फोटो सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनशॉट
जयपुर। गोपालपुरा स्थित अयप्पा मंदिर के पास राम मंदिर रोड पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार टैक्सी कार ने ई-रिक्शा के पास बैठे एक सब्जी विक्रेता को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही ई-रिक्शा घिसटता हुआ कुछ दूरी तक आगे चला गया। इस दुर्घटना में सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। इत्तेफाक से उसी समय उधर से गुजर रही बजाज नगर थानाप्रभारी पूनम चौधरी ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को जयपुरिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल में उसके शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक महेश सैनी (50) मण्डावर, दौसा का रहने वाला था। वह पिछले कुछ साल से जयपुर के महावीर नगर में किराए के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। महेश ई-रिक्शा पर सब्जी बेचकर परिवार का गुजर-बसर करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय वह अपने ई-रिक्शा के पास बैठकर मोबाइल देख रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ हादसे के बाद मृतक की पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, महेश ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। परिवार में बेटी मोनिका सैनी और बेटा विकास सैनी हैं, जिनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर अब चिंता बढ़ गई है। परिचितों ने बताया कि महेश मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था, जो रोजाना सब्जी बेचकर परिवार चला रहा था।
पुलिस ने मामले में गिरधारीपुरा, वैशाली नगर निवासी टैक्सी चालक जसवीर सिंह (28) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी टैक्सी चालक धावास से एक बुजुर्ग दंपती मध्यप्रदेश निवासी को दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। दंपती जयपुर में अपने परिचितों से मिलने आए थे और वापस लौट रहे थे। दंपती ने पुलिस को बताया कि चालक पूरे रास्ते तेज गति से गाड़ी चला रहा था। उन्होंने कई बार चालक से गाड़ी धीरे चलाने को कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।
हादसे के बाद कार के एयरबैग खुल गए। हालांकि कार में पीछे बैठे दंपती को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने दोनों घायलों को भी जयपुरिया अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना ही इस हादसे की मुख्य वजह रही। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिस जगह हादसा हुआ उसके पास मेडिकल और जिम है। जिम संचालक ने कैमरे लगा रखे है। जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद हो गया।
Updated on:
12 Feb 2026 09:42 pm
Published on:
12 Feb 2026 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
