27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लीड… कीचड़ में दंडवत… आस्था की राह में मुश्किलों का पहाड़

जयपुर

image

Newsdesk

Aug 27, 2026

Rajasthan

करौली से डिग्गी कल्याण के लिए 8 को निकलेंगे सिरोही-बड़ागांव मार्ग से पदयात्री
निवाई. सिर पर आस्था, मन में डिग्गी कल्याण महाराज के दर्शन की लालसा और कदमों में लंबी पदयात्रा, लेकिन सिरोही-बड़ागांव मार्ग पर श्रद्धालुओं का स्वागत कीचड़, पानी और फिसलन से होगा। बारिश के बाद मार्ग की हालत इतनी खराब हो गई है कि सड़क पर जगह-जगह पानी जमा है और कीचड़ फैलने से रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। ऐसे में करौली से डिग्गी कल्याण महाराज के दर्शन के लिए आने वाले पदयात्रियों की राह मुश्किल नजर आ रही है। 7 सितंबर को हजारों पदयात्री बड़ागांव में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 8 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उन्हें सिरोही होकर आगे बढ़ना होगा। अंधेरे में पानी और कीचड़ से भरे मार्ग पर पैदल चलना खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दंडवत यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

दंडवत करने वाले श्रद्धालु कैसे पार करेंगे दलदल:-पूर्व सरपंच रामस्वरूप गुर्जर, रामराय गुर्जर, हनुमान गुर्जर, हरकेश खाजपुरा, विनोद सांखला, राजू सांखला, मदनमोहन गुप्ता, राजेश जैन सहित ग्रामीणों ने बताया कि पदयात्रियों में कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए अपनी यात्रा पूरी करते हैं। सड़क पर पसरा कीचड़ और जगह-जगह भरा पानी उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी बनेगा।दंडवत करते हुए श्रद्धालुओं को इसी कीचड़ में आगे बढ़ना पड़ेगा। इससे उनके कपड़े और शरीर कीचड़ से सनने के साथ फिसलने और चोट लगने का खतरा भी बना रहेगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु आस्था के साथ इतनी दूर से यात्रा करके आते हैं, ऐसे में उनकी राह को सुगम बनाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

बारिश में सड़क बनी दलदल:- बारिश के बाद सिरोही-बड़ागांव मार्ग पर पानी निकासी की समस्या सामने आ गई है। सड़क पर जमा पानी वाहनों की आवाजाही के साथ कीचड़ में बदल गया है। कई हिस्सों में फिसलन इतनी अधिक है कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पैदल राहगीरों को भी कीचड़ और पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग की बदहाली को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

आस्था की राह क्यों नहीं आसान:- ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब हजारों श्रद्धालु डिग्गी कल्याण महाराज के दर्शन के लिए पदयात्रा कर रहे हैं और 7 सितंबर को बड़ागांव में रात्रि विश्राम के बाद 8 सितंबर की सुबह इसी मार्ग से गुजरेंगे, तो प्रशासन की ओर से पहले से तैयारी क्यों नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पदयात्रियों के पहुंचने से पहले मार्ग पर ग्रेवल डलवाकर इसे चलने योग्य बनाया जाए। साथ ही सड़क पर जमा पानी की निकासी की व्यवस्था भी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था की राह में कीचड़ और बदहाली बाधा न बने।
फोटोकेप्शन
एनई2608सीसी-निवाई. सिरोही-बड़ागांव सड़क मार्ग बना दलदल।