
जमवारामगढ़. इलाके की ग्राम पंचायत साईवाड़ के रैगर मोहल्ले में रैगर समाज विकास समिति के तत्वावधान में शिव पंचायत एवं गंगा मैया की नवीन मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक विधि-विधान से की गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली। मांगलिक अनुष्ठान के दौरान वेदी पर देवी - देवताओं का आह्वान कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया गया और विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में भगवान शिव, माता पार्वती, कार्तिकेय, गणेश एवं गंगा मैया की मूर्तियों की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर रैगर समाज के लोगों में विशेष उत्साह नजर आया। पूजन सिंह अटल ने बताया कि युवाओं ने टोड़ामीणा स्थित भगवान टोड़ेश्वर महादेव मंदिर से नवीन स्थापित मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली और मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए।अनुष्ठान की पूर्णाहुति के बाद महाआरती का आयोजन किया गया।
Updated on:
28 Aug 2026 06:02 am
Published on:
28 Aug 2026 06:01 am
