
बंद होने की कगार पर दुनिया का सबसे पुराना पोस्ट ऑफिस
दुनिया का सबसे पुराना पोस्ट ऑफिस बिक रहा है। यह पोस्ट ऑफिस 307 वर्ष पुराना है। यह पोस्ट ऑफिस स्कॉटलैंड के सेंकुआर में स्थित है। इसकी शुरुआत वर्ष 1712 में हुई थी, जिसका नाम दुनिया के सबसे पुराने पोस्ट ऑफिस के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। खासतौर से वे लोग जिन्हें डाक टिकट इकट्ठी करने का शौक है, वे इसे देखने के लिए जरूर आते हैं। साथ ही इलाके के बुजुर्ग लोग जो आज भी बैंकिंग के लिए इस पोस्ट ऑफिस पर निर्भर हैं, वे इसके ग्राहक हैं। लेकिन अब यह बंद होने की कगार पर है क्योंकि इसके मौजूदा मालिक रिटायर होने के बारे में सोच रहे हैं। सेंकुआर पोस्ट ऑफिस के बंद होने की खबर वर्ष 2015 में भी आई थी लेकिन डॉ. मंजूर आलम और उनकी पत्नी नाजरा ने इसे खरीद लिया था। अब इस दंपति को इस बात की उम्मीद है कि मई, 2020 तक उन्हें कोई न कोई खरीदार जरूर मिल जाएगा। नाजरा ने कहा कि मेरा दिल टूट रहा है लेकिन न चाहते हुए भी हमें ऐसा करना पड़ रहा है। अगर मेरी सेहत अच्छी होती तो मैं ऐसा कभी नहीं होने देती। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द इसके लिए खरीदार मिल जाए क्योंकि मेरे पति और मेरी सेहत अच्छी नहीं है।इस पोस्ट ऑफिस की कीमत दो लाख 75 हजार पाउंड रखी गई है। जब 1712 में दुनिया का पहला पोस्ट ऑफिस शुरू हुआ उस समय तक पोस्टमैन को 'रनर' कहते थे, जो कि पत्र या पार्सल देने के लिए एक ऑफिसर से दूसरे ऑफिसर तक भागता रहता था। वर्ष 1738 में इस पोस्ट ऑफिस ने डाक टिकटों की शुरुआत की थी और बाद में यह पोस्ट ऑफिस, पत्र और पार्सल को पहुंचाने के लिए घोड़ों का इस्तेमाल करने लगा। इस पोस्ट ऑफिस को मैथ्यू होगार्ट नाम के परिवार ने शुरू किया था।
Published on:
7 Nov 2019, 12:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.