
निवाई. उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह ने गुरुवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निवाई का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित नवाचारों, डिजिटल शिक्षण संसाधनों की उन्होंने सराहना की। इस दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा भी मौजूद रही।एसडीएम ने डिजिटल माध्यम से संचालित शिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी विषयगत समझ, सामान्य ज्ञान और सीखने की क्षमता का आकलन किया।
एसडीएम गंभीर सिंह ने शिक्षकों से कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक कक्षा में डिजिटल संसाधनों का नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संविधान कक्ष में विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहा। आईसीटी एवं कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को दिए जा रहे व्यावहारिक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बाल वाटिका का भी अवलोकन किया और खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों को नई शिक्षा नीति की पहल बताया। पोषाहार योजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोईघर की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेनू के अनुरूप पोषाहार वितरण तथा समग्र व्यवस्थाओं की गहन जांच की और विद्यालय प्रशासन को गुणवत्ता और स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा ने संस्था प्रधान गिरिराज प्रसाद गुर्जर को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, डिजिटल अधोसंरचना का अधिकतम उपयोग करने, कौशल आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने तथा पीएम श्री योजना के सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फोटोकेप्शन
एनई3007सीए-निवाई. पोषाहार योजना का निरीक्षण करते एसडीएम।
Updated on:
31 Jul 2026 06:01 am
Published on:
31 Jul 2026 06:01 am
