17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Public Health: स्वास्थ्य शिविरों में बीपी, डायबिटीज, टीबी जांच और गर्भवती महिलाओं की जांच की होगी विशेष व्यवस्था

Monsoon Diseases Prevention: 1 जुलाई से प्रदेशभर में शुरू होगा ‘स्टॉप डायरिया अभियान’, स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर, 24 जून से 9 जुलाई तक आयोजित होगा अंत्योदय संबल पखवाड़ा, मिलेगा व्यापक स्वास्थ्य लाभ।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Jun 21, 2025

Stop Diarrhea Campaign: जयपुर। बरसात के मौसम में जलजनित रोगों से बचाव के उद्देश्य से राजस्थान में 1 जुलाई से 15 अगस्त तक ‘स्टॉप डायरिया अभियान’ चलाया जाएगा। साथ ही, 24 जून से 9 जुलाई तक पंडित दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा का आयोजन कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।

स्वास्थ्य भवन में शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. भारती दीक्षित, अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला और निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने दोनों अभियानों की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. दीक्षित ने सभी जिलों के सीएमएचओ को निर्देश दिए कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों— जलदाय, पंचायतीराज आदि— के साथ समन्वय बैठक कर अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करें। साथ ही, स्वच्छ जल, हाथों की सफाई और डायरिया से बचाव के लिए जन-जागरूकता को प्राथमिकता दी जाए।

अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. शुभमंगला ने कहा कि मास मीडिया व अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए स्टॉप डायरिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।

ओआरएस-जिंक के जरिए डायरिया के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज

निदेशक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान आशा सहयोगिनियों के माध्यम से ओआरएस व जिंक टैबलेट्स का वितरण किया जाएगा। साथ ही, चिकित्सा संस्थानों में ओआरएस व जिंक कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे और क्लोरीन टेबलेट की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

30 वर्ष से अधिक आयु वालों की बीपी, डायबिटीज जांच

उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में यूडीआईडी कार्ड लंबित लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जाएंगे, वहीं 30 वर्ष से अधिक आयु वालों की बीपी, डायबिटीज जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच, टीबी, टीकाकरण, वय वंदन योजना में पंजीकरण जैसी सेवाएं भी दी जाएंगी।

बैठक में मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम पंचायत योजना, टीबी मुक्त भारत, गैर संचारी रोग नियंत्रण और अंधता निवारण कार्यक्रम जैसे अन्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई और इन्हें सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

यह अभियान प्रदेश में बरसाती रोगों से बचाव के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

स्वास्थ्य के लिए इन 5 बिन्दुओं पर होगा फोकस

1-मास मीडिया व अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए स्टॉप डायरिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।

2-अभियान के दौरान आशा सहयोगिनियों के माध्यम से ओआरएस व जिंक टैबलेट्स का वितरण किया जाएगा।

3-चिकित्सा संस्थानों में ओआरएस व जिंक कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे और क्लोरीन टेबलेट की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

4-पखवाड़े के दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में यूडीआईडी कार्ड लंबित लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जाएंगे।

5-तीस वर्ष से अधिक आयु वालों की बीपी, डायबिटीज जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच, टीबी, टीकाकरण, वय वंदन योजना में पंजीकरण जैसी सेवाएं भी दी जाएंगी।