
congress
जयपुर।
चार माह बाद प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में टिकट की जुगाड़ बैठाने के लिए इन दिनों कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता जयपुर से लेकर दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं। टिकटार्थी जयपुर में पार्टी के बड़े नेताओं के साथ ही दिल्ली में एआईसीसी नेताओं के यहां दस्तक देकर टिकट के लिए दावेदारी जता रहे हैं, यहीं नहीं, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों और प्रदेश के चारों सह प्रभारियों के एआईसीसी दफ्तरों में बड़ी संख्या में टिकटार्थी पहुंच रहे हैं।
जानकार सूत्रों की माने तो इन दिनों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय, राजस्थान स्टेट गेस्ट हाउस और पार्टी के बड़े नेताओं के घरों पर प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ता की भीड़ देखी जा सकती है। दरअसल पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि प्रदेश में माहौल कांग्रेस के पक्ष में है, जिसके चलते विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में कांग्रेस की सरकार बन सकती है। ऐसे में कांग्रेस का टिकट पाने के लिए दावेदारों ने ऐड़ी-चोटी का जोर लगाया हुआ है।
बता रहे हार-जीत के समीकरण
दिल्ली में पार्टी के आला नेताओं के समक्ष दावेदारी जता रहे दावेदार अपनी सीट पर जातिगत समीकरणों के साथ-साथ पिछले चुनावों में हार-जीत के आंकड़े भी बता रहे हैं। एक-एक सीट पर कई-कई दावेदार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इन दिनों कांग्रेस में टिकटार्थियों की बाढ़ सी है।
आलम ये है कि एक-एक सीट पर कई-कई दावेदार के टिकट के लिए दावेदारी जता रहे हैं,जिससे पार्टी नेताओं के सामने भी संकट खड़ा है कि आखिर किसका नाम उम्मीदवार के तौर पर आगे करे। ऐसे में विवादों से बचने के लिए हर सीट पर तीन तीन संभावित नामों का पैनल बनाने की तैयारियां पार्टी के भीतर चल रही है।
आप प्रत्याशियों की तीसरी सूची शीघ्र
चार माह बाद प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी की प्रदेश ईकाई प्रत्याशियों के नामों की तीसरी लिस्ट शीघ्र जारी कर सकती है। बताया जा रहा है कि तीसरी लिस्ट के जरिए दो दर्जन प्रत्याशियों की घोषणा की जा सकती है। संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर प्रदेश प्रभारी पिछले दो दिन से दिल्ली में ही हैं, जहां पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से नामों पर चर्चा करेंगे। जिसके बाद प्रत्याशियों की लिस्ट को पीएसी में रखा जाएगा। पीएसी की मंजूरी के बाद तीसरी सूची घोषित कर दी जाएगी।
Published on:
06 Aug 2018 03:08 pm
