
बसपा से कांग्रेस में आए छह विधायकों ने की सोनिया से मुलाकात, औपचारिक सदस्यता की ग्रहण
जयपुर। बहुजन समाज पार्टी छोड़ कर 16 सितंबर को कांग्रेस में शामिल हुए पार्टी के सभी छह विधायकों ने शुक्रवार को राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे के साथ नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। सभी विधायकों ने मुलाकात के बाद औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन विधायकों में उदयपुरवाटी के राजेन्द्र गुढा, नगर भरतपुर से वाजिब अली, करौली से लाखन सिंह मीणा, नदबई से जोगेन्द्र सिंह अवाना, किशरनगढ़ बास के दीपचंद खेरिया और तिजारा के संदीप यादव शामिल हैं। इस अवसर पर बसपा विधायकों के साथ आरएलडी विधायक सुभाष गर्ग भी अविनाश पांडे के साथ मंच साझा किया।
गौरतलब है कि 16 सितंबर को जयपुर में बहुजन समाज पार्टी के सभी 6 विधायकों ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की थी। इन सभी विधायकों ने बसपा विधायक दल के कांग्रेस में विलय को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी को पत्र भी सौंपा था, लेकिन ये अब तक कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य नहीं बने थे। वहीं शुक्रवार को इन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भेंट कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे ने बताया कि विधायकों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि वे बिना शर्त कांग्रेस के साथ आए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें नए साल की शुभकामनाएं दीं।
ट्वीटर पर बरसी थी मायावती
बसपा के छह विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने पर बसपा सुप्रीमो मायावती कांग्रेस पर जमकर बरसीं। मायावती ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किए और कांग्रेस को धोखेबाज, अंबेडकर और दलित विरोधी करार दिया। मायावती ने कहा कि दलितों के आरक्षण के लिए कांग्रेस कभी भी गंभीर नहीं रही। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि कांग्रेस उन पार्टियों को हमेशा चोट पहुंचाती है जो उसे समर्थन देती हैं। वहीं बसपा प्रदेश अध्यक्ष सीताराम मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री को पार्टी तोडऩे की आदत है। 2008 में भी उन्होंने ऐसा ही किया।
Published on:
03 Jan 2020 04:00 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
