
Rajasthan Assembly By-Election: जयपुर। राजस्थान में अब 5 नहीं 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। दरअसल, सलूम्बर से भाजपा विधायक अमृतलाल मीणा के निधन से विधानसभा की रिक्त सीटों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद से ही पांच सीटें रिक्त चल रहीं थी।
संभावना है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों के साथ ही राजस्थान की रिक्त हुईं सभी सीटों पर भी उपचुनाव हो जाएंगे। हरियाणा सरकार का कार्यकाल अक्टूबर में खत्म हो रहा है। ऐसे में चर्चा है कि अक्टूबर में ही वहां चुनाव होंगे और इसी समय राजस्थान में भी उपचुनाव हो जाएंगे।
सलूम्बर के अलावा प्रदेश की खींवसर, झुंझुनूं, दौसा, देवली-उणियारा, चौरासी विधानसभा सीट भी खाली चल रही है। इन पांच सीटों के विधायक लोकसभा सांसद चुने गए थे, जिस वजह ये यह सीटें रिक्त हुई हैं।
अमृतलाल मीणा लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए थे। सबसे पहले वे 2013 में विधायक बने थे। इसके बाद वे विस का कोई भी चुनाव नहीं हारे। वर्ष 2023 का विस चुनाव वे 14 हजार 691 वोटों से जीते थे। विधायक बनने से पहले वे पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य भी रह चुके थे।
अमृतलाल मीणा के निधन से भाजपा विधायकों की संख्या कम हो गई है। पहले 115 विधायक भाजपा के थे। अब 114 रह गए हैं। हालांकि, बहुमत से भाजपा के पास अधिक विधायक हैं। ऐसे में एक सीट कम होने से भाजपा सरकार को कोई फर्क नही पड़ेगा।
Updated on:
09 Aug 2024 11:10 am
Published on:
09 Aug 2024 11:10 am
