
चारदीवारी की चार सीटों पर भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों का इंतजार
जयपुर। विधानसभा चुनाव की तारीखें नजदीक आती जा रही हैं। 30 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इसे देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने प्रत्याशियों की घोषणा करना शुरू कर दी है। भाजपा ने दो सूचियां जारी कर अब तक 124 प्रत्याशियों की घोषणा की है, वहीं कांग्रेस अभी तक केवल 33 प्रत्याशियों की ही घोषणा कर पाई है। खास बात यह है कि भाजपा ने जयपुर की ज्यादातर सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं, लेकिन हवामहल, किशनपोल, आदर्श नगर और सिविल लाइंस से अभी तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है। उधर कांग्रेस ने भी जयपुर की केवल मालवीय नगर और सांगानेर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। अन्य सीटों पर अब भी प्रत्याशियों की नामों की घोषणा का इंतजार है।
दो मंत्री, फिर भी पसोपेश
जयपुर शहर की सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रताप सिंह खाचरियावास और हवामहल विधानसभा सीट से महेश जोशी विधायक हैं। दोनों ही गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। इसके बावजूद दोनों सीटों पर कांग्रेस पसोपेश की स्थिति में है। महेश जोशी लगातार सीट बदलने की मांग कर रहे हैं। जोशी किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं। वे पहले भी इस सीट से विधायक रह चुके हैं। हालांकि पार्टी ने जयपुर की दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। सांगानेर से पुष्पेंद्र भारद्वाज और मालवीय नगर से अर्चना शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में भी इन सीटों से ये दोनों ही प्रत्याशी थे।
भाजपा के पास नहीं हैरिटेज निगम की चारों सीटें
हैरिटेज नगर निगम की हवामहल, किशनपोल, आदर्श नगर और सिविल लाइंस सीट पर फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है। पार्टी यहां से प्रत्याशी बदलने की तैयारी कर रही है, यही वजह है कि अभी तक इन सीटों पर नाम घोषित नहीं किया गया है। पार्टी कांग्रेस की दूसरी सूची का इंतजार भी कर सकती है। इनमें तीन सीटें मुस्लिम बाहुल्य हैं, ऐसे में भाजपा पूरी छानबीन के बाद ही इन सीटों पर नाम घोषित करेगी। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में हवामहल से सुरेंद्र पारीक, किशनपोल से मोहन लाल गुप्ता, सिविल लाइंस से अरुण चतुर्वेदी और आदर्श नगर से अशोक परनामी भाजपा के प्रत्याशी थे।
Published on:
22 Oct 2023 10:15 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
