
जयपुर।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीख धीरे-धीरे नज़दीक आ रही है। इस बीच राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के दौरों में इज़ाफ़े ने सियासी पारे में गर्माहट लानी शुरू कर दी है। भाजपा जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रदेश प्रवास कार्यक्रमों पर फोकस कर रही है, तो वहीं कांग्रेस भी इसके तोड़ में पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी को आज़माने में जुटी दिख रही है।
गौरतलब है कि चुनावी तैयारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं में जान फूंकने के सिलसिले में शाह-नड्डा के पिछले कुछ दिनों में कुछ ज़्यादा ही दौरे लगे हैं। जबकि आगामी दिनों में भी इन दोनों दिग्गजों के प्रदेश प्रवास के कार्यक्रम बनाये जा रहे हैं। इधर, सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस का केंद्रीय संगठन राजस्थान में राहुल और प्रियंका गांधी के दौरों में इज़ाफ़ा करने पर काम कर रही है।
20 को दौसा में प्रियंका, दिखाएंगी 'ताकत'
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूर्व घोषित कार्यक्रम के सिलसिले में 20 अक्टूबर को राजस्थान दौरे पर आएँगी। वे यहां दौसा में कांग्रेस की ईआरसीपी जनजागरण अभियान यात्रा के समापन मौके पर शामिल होंगी। उनकी इस सभा को सफल और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में फिलहाल कांग्रेस के सीनियर नेता जुटे हुए हैं।
कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी की दौसा में राष्ट्रीय राजमार्ग 21 के एक्सप्रेस हाईवे इंटरचेंज के समीप जनसभा प्रस्तावित है। इसके लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त लगभग 24 हजार वर्ग फीट से अधिक हिस्से में वाटरप्रूफ पंडाल लगाया जा रहा है। तैयारियों और व्यवस्थाओं का ज़िम्मा गहलोत सरकार में मंत्री ममता भूपेश सहित दौसा की विभिन्न विधानसभा सीटों के नेता संभाल रहे हैं।
सभा के लिए पांडाल में पंखे-कूलर सहित माकूल व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पार्किंग की व्यवस्था से लेकर सभा स्थल पर जगह-जगह स्क्रीन्स लगाने का काम भी जारी है।बता रहे हैं कि पांडाल में एक लाख की संख्या तक लोगों की बैठने की व्यवस्था रहेगी।
जेड प्लस सिक्योरिटी में होंगी प्रियंका
कांग्रेस की स्टार प्रचारक होने के कारण प्रियंका गांधी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। स्थानीय पुलिस व्यवस्था के अलावा पूरे समय जेड सुरक्षा के तहत आने वाले जवान मुख्य सुरक्षा को संभालेंगे।
राहुल गांधी के भी लगेंगे राजस्थान दौरे
राजस्थान चुनाव में अब ज़्यादा वक्त नहीं बचा है। ऐसे में अब चुनावी राज्य में स्टार प्रचारकों के दौरे बढ़ना तय है। ऐसे में माना जा रहा है कि आगामी कुछ दिनों में राहुल गांधी के प्रदेश दौरों में भी इज़ाफ़ा होना तय है। हालांकि राहुल के दौरे कब-कब और कहां होंगे इस बारे में आलाकमान से शेड्यूल जारी होने का इंतज़ार है।
मोदी-खरगे भी लगाएंगे 'तड़का'
भाजपा से शाह-नड्डा, तो कांग्रेस से राहुल-प्रियंका के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भी राजस्थान दौरे बनाये जा रहे हैं। जल्द ही मोदी-खरगे की भी जनसभाएं चुनावी माहौल में 'तड़का' लगाएंगी। इनके अलावा भी स्टार प्रचारकों के राजस्थान दौरे तेज़ होंगे।
Published on:
18 Oct 2023 11:48 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
