
जयपुर।
विधानसभा चुनाव में जिताऊ उम्मीदवार उतारने के मकसद से कांग्रेस पार्टी में मशक्कत जारी है। इसी क्रम में सांसद गौरव गोगोई की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी आज फिर से जयपुर स्थित पार्टी वॉर रुम में जुट रही है। यहां आज लगातार दूसरे दिन भी बैठक-मंथन का सिलसिला जारी रहेगा।
खासबात ये है कि राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल भी कल की तरह आज की बैठकों में मौजूद रहेंगे। उनके अलावा स्क्रीनिंग कमेटी के अन्य सदस्य अभिषेक दत्त और गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और तीनों सह प्रभारी भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार स्क्रीनिंग कमेटी आज 52 में से लगभग 27 कमजोर सीटों पर वहां के ब्लॉक अध्यक्षों से संवाद होगा। बताया गया है कि आज जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, अलवर, अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, नागौर, झालावाड़, दौसा, भरतपुर, सवाई माधोपुर, टोंक और सीकर की 27 विधानसभा सीटों पर मंथन होगा। इन बैठकों में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के फीडबैक लेने के साथ ही स्थानीय समीकरण और हार-जीत के अन्य फैक्टर पर बात होगी।
हारी हुई सीटों पर चर्चा
इससे पहले रविवार को भी कांग्रेस वॉर रूम में स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने समिति के सदस्यों के साथ प्रदेश में लगातार दो और तीन बार से हार रही सीटों पर चर्चा की। साथ ही इन सीटों पर जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश के लिए किए गए सर्वे की रिपोर्ट पर भी चर्चा की।
सभी आपसी समन्वय से करें काम: वेणुगोपाल
विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए एआईसीसी की ओर से गठित प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक रविवार को कांग्रेस वॉर रूम में हुई। शाम 7 बजे शुरू हुई बैठक रात 10 बजे तक चली। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के.सी. वेणुगोपाल, कमेटी के समन्वयक और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश, केबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट शामिल हुए। हरीश चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मालवीय और भंवर जितेंद्र सिंह जयपुर से बाहर होने के चलते बैठक में शामिल नहीं हो पाए।
सूत्रों की मानें तो वेणुगोपाल ने बैठक में कोर कमेटी के सदस्यों के साथ चुनावी तैयारी को लेकर चर्चा की है। साथ ही सभी नेताओं को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला और ब्लॉक स्तर पर भी पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महंगाई राहत शिविर और सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को लेकर जनता के बीच मिल रहे रेस्पॉॅन्स से वेणुगोपाल को अवगत करवाया। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी बैठक में अपनी बात रखी।
Published on:
11 Sept 2023 01:42 pm
