
जयपुर। विधानसभा चुनाव परिणाम से जहां भाजपा खेमे में खुशी की लहर है तो वहीं रिवाज बदलने का दावा कर रही कांग्रेस में इस जनादेश से निराशा है। हालांकि चुनाव परिणाम ने कांग्रेस को भी मजबूत विपक्ष का जनादेश दिया है। चुनाव परिणाम में जयपुर जिले की भी कई सीटों पर बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं। जयपुर शहर और जिले में भी भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
भाजपा ने इस बार कांग्रेस से अपनी पिछली हार का हिसाब चुकता करते हुए 19 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की है। सात सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
ये सीटें भाजपा ने कांग्रेस से छीनी
वहीं इस बार जो सीटें भाजपा ने कांग्रेस से छीनी हैं, उनमें सिविल लाइंस, बगरू, हवामहल, चाकसू, झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, जमवारागढ़, कोटपुतली और दूदू है।
सिविल लाइंस से कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और कोटपूतली से राज्य मंत्री राजेंद्र यादव को भी हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा दूदू में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार बाबूलाल नागर को भी हार का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस ने ये सीटें भाजपा से छीनी
जयपुर जिले में इस बार कांग्रेस ने भी भाजपा से तीन सीटें छीनी हैं इनमें आमेर, चौमूं, और फुलेरा हैं। आमेर से उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया को हराकर कांग्रेस ने यहां कब्जा जमाया है। चौमूं से भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा विधायक रामलाल शर्मा और फुलेरा से लगातार तीन चुनाव जीते निर्मल कुमावत को भी हराकर कांग्रेस ने इन सीटों पर जीत दर्ज की।
शहर की इन सीटों पर भाजपा-कांग्रेस का कब्जा बरकरार
वहीं जयपुर शहर की बात करें तो अल्पसंख्यक बहुल किशनपोल और आदर्श नगर में लगातार दूसरी बार कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। किशनपोल से कांग्रेस प्रत्याशी अमीन कागजी और आदर्श नगर से रफीक खान ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है।
इधर भाजपा ने भी सांगानेर, मालवीय नगर और विद्याधर नगर में अपना कब्जा बरकरार रखा है। सांगानेर में पांच, मालवीय नगर और विद्याधर नगर में लगातार चौथी बार भाजपा ने जीत दर्ज की है।
इस बार नहीं गल पाई निर्दलियों की दाल
वहीं सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि जयपुर जिले की 19 सीटों में कहीं भी इस बार निर्दलीय प्रत्याशी जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं, जबकि झोटवाड़ा, शाहपुरा और विराटनगर में मजबूत निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। पिछली बार शाहपुरा, दूदू और बस्सी में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी।
वीडियो देखेंः- Exit Poll 2023 Live: 5 राज्यों में किसकी सरकार? | Patrika TV पर देखिए 'Pandit Poll' | Elections 2023
Published on:
04 Dec 2023 12:14 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
