
International Yoga Day : राजस्थान विधानसभा के स्पीकर वासुदेव देवनानी। फोटो - ANI
International Yoga Day : राजस्थान विधानसभा में आज सामूहिक योग कार्यक्रम किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान विधानसभा के कर्तव्य द्वार पर किया गया। इस सामूहिक योग कार्यक्रम में विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी, विधायक गोपाल शर्मा सहित विधानसभा के अफसर और कर्मचारी शामिल हुए। 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून रविवार को प्रातः 6 बजे से राज्य में जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी को जिम्मेदारी मिली है।
इस अवसर पर विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहाकि आज दक्षिणायन से उत्तरायन की ओर सूर्य जाता है। इस नाते यह तय किया गया कि हम सब लोग आज योग करें। उन्होंने कहाकि योग को हमें अपने दैनिक जीवन का अंग बनाना चाहिए। सिर्फ एक दिन नहीं करना चाहिए। योग से हम निरोगी रहेंगे। निरोगी लोग देश और समाज के उत्थान में काम आ सकेंगे। साथ ही सभी देश को विश्वगुरु की ओर ले जाएं। इस कार्यक्रम में सभी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
राजस्थान विधानसभा के स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहाकि, मेरा मानना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योग गुरु बाबा रामदेव के प्रयासों से योग आम लोगों तक पहुंचा है और लोग अपनी सेहत बनाए रखने के लिए इसका अभ्यास भी करने लगे हैं। योग प्राचीन काल से ही हमारी सनातन संस्कृति का हिस्सा रहा है। ऋषि-मुनि भी इसका अभ्यास करते थे। बीच के समय में इसमें कुछ रुकावटें आईं, लेकिन बाद में बाबा रामदेव ने इसे लेकर लोगों में काफी जागरूकता फैलाई। भारत की 'वसुधैव कुटुंबकम' की संस्कृति के अनुसार, दुनिया स्वस्थ, ऊर्जावान और शांत रहनी चाहिए। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए, हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस के रूप में मनाया।
राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा, अंतराष्ट्रीय योग दिवस के 2 दिन पूर्व हमने विधानसभा में भी क्रीडा भारती के साथ मिलकर यह आयोजन किया है। जन-जन ने भी अपने शरीर को निरोग बनाने के लिए योग करना शुरू किया है। योग न केवल शरीर बल्कि मन, बुद्धि व आत्मा को ठीक रखता है। योग से एक नई ऊर्जा का भी संचारण होता है।
इससे पूर्व गुरुवार को राज्यभर में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रभारी मंत्रीगण एवं बोर्ड, आयोग एवं निगम के अध्यक्ष को जिम्मेदारी मिली। इसके तहत ये सभी 20 जून को ही जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून रविवार को प्रातः 6 बजे से राज्य में जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा।
प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी अजमेर तथा डॉ. प्रेमचन्द बैरवा भीलवाड़ा जिले में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ दौसा जिले में, मंत्री मदन दिलावर जोधपुर में, मंत्री किरोडी लाल अलवर में, मंत्री गजेन्द्र सिंह बीकानेर, मंत्री जोगाराम पटेल जयपुर जिले में, मंत्री सुमित गोदारा श्रीगंगानगर जिले में, मंत्री कन्हैयालाल नागौर में, मंत्री जोराराम कुमावत बाडमेर में, मंत्री हेमन्त मीणा उदयपुर, मंत्री सुरेश सिंह रावत भरतपुर जिले में, मंत्री बाबूलाल खराड़ी बांसवाडा जिले में, मंत्री अविनाश गहलोत चूरू जिले में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आम जनता के साथ योगाभ्यास करेंगे।
इसी प्रकार राज्यमंत्री गौतम कुमार (स्वतंत्र प्रभार) कोटा जिले में, राज्यमंत्री हीरालाल नागर (स्वतंत्र प्रभार) टोंक जिले में, राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा (स्वतंत्र प्रभार) पाली में, राज्यमंत्री संजय शर्मा (स्वतंत्र प्रभार) सीकर में, राज्यमंत्री ओटा राम देवासी झालावाड में, राज्यमंत्री कृष्ण कुमार विश्नोई सिरोही में, राज्यमंत्री विजय सिंह कोटपूतली-बहरोड में, राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढम करौली में एवं राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार चित्तौडगढ जिले में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में शामिल होंगे।
इसी प्रकार राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री अरूण चतुर्वेदी जैसलमेर जिले में, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत हनुमानगढ़ में, राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर सवाई माधोपुर में, राज्य स्तरीय अनु. जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक अध्यक्ष, प्रतापगढ़ में, राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवन्त सिंह विश्नोई धौलपुर में, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाना जालौर में, यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद टांक बांरा में, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी. आर. चौधरी डूंगरपुर में तथा विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार झुन्झुनू जिले में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में शामिल होंगे।
ब्यावर, राजससमन्द, फलौदी, खेरथल-तिजारा, डीग, डीडवाना-कुचामन, बालोतरा, सलुम्बर एवं बून्दी जिलों में स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहकर अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
Updated on:
19 Jun 2026 09:25 am
Published on:
19 Jun 2026 09:19 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
