
राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज (Photo-X)
जयपुर में राजस्थान यूनिवर्सिटी के कैंपस में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को छात्रों ने भूमि समाधि पर बैठकर प्रदर्शन किया। पुलिस को जैसे ही मामले की जानकारी मिली, पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रों को हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए छात्रों पर लाठीचार्ज किया और उन्हें मौके से खदेड़ दिया। साथ ही कार्रवाई के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्र नेता लक्ष्यराज को भी हिरासत में ले लिया।
छात्रसंघ चुनाव बहाली: छात्रों की सबसे बड़ी मांग है कि राजस्थान यूनिवर्सिटी समेत प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव फिर से शुरू किए जाएं। छात्रों का कहना है कि काफी समय से चुनाव नहीं हुए हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं को उठाने के लिए कोई चुना हुआ छात्र प्रतिनिधि नहीं है। वे चाहते हैं कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द चुनाव करवाने का फैसला लें।
बता दें कि छात्रसंघ चुनाव पर लगभग तीन साल से सरकार ने रोक लगाई हुई है।
राजस्थानी भाषा का सम्मान: छात्रों की दूसरी मांग है कि राजस्थान यूनिवर्सिटी में राजस्थानी भाषा का अलग विभाग शुरू किया जाए। इसके साथ ही राजस्थानी भाषा से जुड़े कोर्स भी शुरू करने की मांग है। छात्रों का कहना है कि राजस्थानी भाषा राजस्थान की पहचान का अहम हिस्सा है, इसलिए यूनिवर्सिटी में इसकी पढ़ाई और आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए।
इससे पहले भी कई युवा संगठनों और छात्र नेताओं ने प्रदर्शन कर चुके हैं।
छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने भी इन्हीं मांगों को लेकर 23 जुलाई से आमरण अनशन शुरू किया था। कई दिनों तक अनशन पर रहने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके चलते 30 जुलाई को पुलिस और प्रशासन ने उन्हें जबरन जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया। बाद में नेताओं की समझाइश के बाद 5 अगस्त को शुभम ने अपना अनशन खत्म कर दिया।
इसी दौरान NSUI के नेताओं ने भी टोंक रोड पर स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया था। नेता करीब 40 घंटे तक टंकी पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे। इसके बाद राजस्थान यूनिवर्सिटी में ABVP और RLP से जुड़े नेताओं ने भी छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
Updated on:
10 Aug 2026 02:12 pm
Published on:
10 Aug 2026 01:38 pm
