
पांच दिन बाद भी सीएम पर फैसला नहीं कर पाई भाजपा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का दिल्ली में डेरा
राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजे आए पांच दिन का समय बीत चुका है। मगर बहुमत होने के बाद भी भाजपा अभी तय सीएम का नाम घोषित नहीं कर पाई है। यही नहीं पार्टी ने अभी तक पर्यवेक्षक भी नियुक्त नहीं किए हैं। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दिल्ली में डेरा डाल लिया है। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी दिल्ली पहुंच चुके हैं और आज कई नेताओं से मुलाकात करेंगे।
पार्टी सूत्रों की मानें तो संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद गुरुवार देर रात को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच अहम बैठक हुई। चर्चा यही है कि शुक्रवार को तीनों राज्यों के पर्यवेक्षकों की नियुक्ति हो सकती है। राजे ने भी गुरुवार रात को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान राजे के साथ उनके बेटे और सांसद दुष्यंत सिंह मौजूद रहे। राजे ने अपना पक्ष रखा और जीत को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने जीत और सीटों पर हार के संबंध में भी रिपोर्ट सौंपी। वे दिल्ली में ही ठहरी हुई हैं। उधर, सियासी गलियारों में चर्चा ने जोर पकड़ रही है कि आंतरिक लोकतंत्र की बात करने वाली भाजपा में सब कुछ सामान्य नहीं है।
एक-दो दिन में आ सकते हैं पर्यवेक्षक
पर्यवेक्षकों की नियुक्ति का इंतजार है। नियुक्ति मिलते ही सभी पर्यवेक्षक रविवार तक जयपुर आ सकते हैं। इसके बाद विधायक दल की बैठक हागी। उसके बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा जाएगा। फिर आधिकारिक रूप से सीएम के नाम की घोषणा की जाएगी।
देरी से नुकसान की आशंका
पार्टी के अंदरखाने चर्चा शुरू हो गई है कि सीएम के नाम में देरी से आने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान नहीं हो जाए। हालांकि पार्टी भी लोकसभा चुनाव के अनुसार ही निर्णय लेना चाहती है। इस वजह से लगातार देरी हो रही है। पार्टी सभी नेताओं से वृहद चर्चा कर रही है ताकि विवाद की स्थिति नहीं पनपे।
Published on:
08 Dec 2023 10:47 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
