
जयपुर।
गहलोत सरकार के 4 वर्ष पूरे होने के विरोध में भाजपा का 'जन आक्रोश अभियान' पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में गुरुवार को जयपुर से 51 जन आक्रोश रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद अब आज सभी ज़िलों में इन आक्रोश रथों को रवाना किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां आज पाली जिले के प्रवास के दौरान जन आक्रोश यात्रा के रथों को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना करेंगे। इसी तरह से हर ज़िले में वहां मौजूद वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी या आक्रोश रैली के लिए लगाए गए प्रभारी और सह प्रभारियों की मौजूदगी में यात्राएं निकाली जा रही हैं।
3 करोड़ लोगों तक पहुंच बनाने की कवायद
जन आक्रोश अभियान के तहत 3 और 4 दिसंबर को भी सभी 200 विधानसभा के लिए जिलों से रथ रवानगी का सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद 14 से लेकर 20 दिसंबर तक हर विधानसभा क्षेत्र में जन आक्रोश यात्रा के दौरान जनसभाएं भी होंगी, जिसमें हर जनसभा में कम से कम 5 हज़ार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी नेताओं की कोशिश है इस यात्रा के दौरान ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुँच बनाई जा सके।
पार्टी नेताओं का मानना है कि आक्रोश रैली के जरिए प्रदेश के तीन करोड़ लोगों तक बीजेपी की पहुंच हो जाएगी। जन आक्रोश यात्रा के जरिए भाजपा 200 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करके 7500 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
20 हज़ार चौपाल और नुक्कड़ सभाएं
जन आक्रोश यात्रा के दौरान प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में 20 हज़ार नुक्कड़ सभाएं और 20 हज़ार चौपाल के जरिए भाजपा गहलोत सरकार के 4 साल की कथित नाकामियों, किसान कर्ज वादाखिलाफी, बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों को लेकर जनता से चर्चा करेगी।
जनाक्रोश रथ में शिकायत पेटी
जन आक्रोश रैली के लिए तैयार किए गए रथों में शिकायत पेटी भी लगाई गई है, जिसमें आम जनता से मिलने वाली लिखित शिकायतों और सुझावों को इकट्ठा किया जाएगा फिर इन समस्याओं के समाधान के लिए बीजेपी अपने घोषणा पत्र में वादे करेगी।
Published on:
02 Dec 2022 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
