
जयपुर।
राजस्थान भाजपा की महिला मोर्चा आज गहलोत सरकार के खिलाफ 'महिला आक्रोश आंदोलन' के तहत राजधानी जयपुर की सड़कों पर उतरीं। महिला कार्यकर्ताओं ने यहां थाली बजाकर प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते क्राइम मामलों का विरोध जताया। साथ ही सरकार से महिला सुरक्षा की मांग की। हालांकि प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस का सामना भी करना पड़ा।
एक घंटे तक गर्माया रहा माहौल
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दरम्यान तब माहौल कुछ देर के लिए गर्माया रहा, जब कार्यकर्ताओं का सामना पुलिस से हो गया। ऐसी स्थिति तब बनी जब महिला कार्यकर्ता तय कार्यक्रम के तहत प्रदेश भाजपा मुख्यालय से सीएम आवास की ओर कूच कर रहीं थीं।
इधर सीएम आवास की ओर कूच करने के 'प्री प्लांड' कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा इंतज़ाम पहले ही कर रखे थे। ऐसे में पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर व्यवस्था कर रखी थी। जैसे ही कार्यकर्ता वहां पहुंचीं पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
जमकर हुई धक्का-मुक्की
कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुए आमने-सामने के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर खींचतान और धक्का-मुक्की का सिलसिला चला। करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। पुलिस ने भी प्रदर्शनकारी महिलाओं को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। आखिर में कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरुप गिरफ्तारियां दीं।
सभा में भी दिखा आक्रोश
सिविल लाइंस कूच से पहले प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एक सभा हुई। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश सह प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर, सांसद दिया कुमारी, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अलका मूंदडा सहित अन्य नेताओं-नेत्रियों ने सभा को सम्बोधित किया। सभी वक्ताओं ने बढ़ते महिला अपराध को लेकर चिंता जताई और गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रदेश भर से पहुंची महिलाएं
महिला मोर्चे के प्रदर्शन में प्रदेश भर से महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। ज़्यादातर कार्यकर्ता जयपुर के आस-पास के क्षेत्रों से आईं थीं। सभी ने प्रदेश मुख्यालय में हुई आक्रोश सभा से लेकर सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास तक के पैदल कूच में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
Published on:
05 Jul 2023 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
