जयपुर। बम ब्लास्ट के आरोपियों के बरी होने के मामले में भाजपा अब सड़क पर उतर आई है। संगठन ने साफ कर दिया है कि जब तक पीड़ित व उनके परिवारजनों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक प्रदर्शनों का दौर जारी रहेगा। इसी कड़ी में शनिवार को छोटी चौपड़ पर धरना दिया गया। इसमें वे नेता भी शामिल हुए, जिन्होंने लम्बे समय से पार्टी के कार्यक्रमों से दूरी बनाई हुई थी। इस दौरान बम्ब ब्लास्ट पीड़ित व उनके परिवाजन भी पहुंचे।
धरने में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा कि, ऐसे आतंकवादियों ने ही बाटला हाउस और सूरत बम में भी ब्लास्ट किया। इसमें दो एनकाउंटर में मारे गए। इसके बाद आपको सलमान खुर्शीद का बयान याद होगा। उन्होंने कहा था कि आतंकवादी मारे गए तो सोनिया गांधी की आंख के आंसू नहीं रुके। ये वही आतंकवादी हैं, इसलिए उन्हें सजा कैसे मिले, यह प्रश्न खड़ा हो रहा है।
सराफ ने की आपत्ति जनक टिप्पणी
वहीं भाजपा विधायक कालीचरण सराफ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को मौलाना बताया। सराफ ने कहा कि मौलाना अशोक गहलोत ने तुष्टिकरण की राजनीति की है। उन्होंने केवल अपने आकाओं को खुश करने के लिए ऐसे वकीलों को लगाया, जिन्होंने कोर्ट में इस मामले की ढंग से पैरवी नहीं की।
इन्होंने भी सरकार को घेरा…
उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी गहलोत सरकार को जमकर घेरा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सांसद रामचरण बोहरा, सांसद सुमेधानंद सरस्वती, विधायक कालीचरण सराफ, पूर्व विधायक अशोक परनामी, राजपाल सिंह शेखावत, सुरेन्द्र पारीक, कैलाश वर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी भी संबोधन दिया।