
फोटो - AI
Rajasthan : राजस्थान में होली के दिन सीबीएसई की परीक्षा कराने को लेकर शिक्षा मंत्रालय ने बोर्ड से जवाब मांगा है। इस पर सीबीएसई ने मंत्रालय को स्पष्ट उत्तर नहीं दिया। बोर्ड ने लिखित जवाब में कहा है कि परीक्षा कार्यक्रम तय करते समय सभी प्रमुख त्योहारों और राष्ट्रीय अवकाशों का ध्यान रखा गया है। हालांकि, राज्यों के कैलेंडरों का अध्ययन नहीं किया गया।
केंद्र सरकार की ओर से 3 और 4 मार्च को होली का अवकाश घोषित किया गया है। इसी आधार पर सीबीएसई ने उन दोनों दिनों कोई परीक्षा नहीं रखी। लेकिन राजस्थान में 2 और 3 मार्च को होली मनाई जा रही है। ऐसे में 2 मार्च को सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा तय कर दी है। इससे राजस्थान के हजारों बच्चों को होलिका दहन के दिन परीक्षा देने को मजबूर होना पड़ रहा है।
बोर्ड के अनुसार, होलिका दहन और धुलंडी के दिन किसी भी कक्षा की परीक्षा निर्धारित नहीं की गई है। परीक्षा कार्यक्रम पहले ही पर्याप्त समय पूर्व जारी कर दिया गया था, ताकि विद्यार्थी, अभिभावक और विद्यालय तैयारी व अन्य व्यवस्थाओं की योजना बना सकें।
सीबीएसई ने यह भी बताया कि देशभर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होते हैं, इसलिए तिथियों में बदलाव करना व्यावहारिक रूप से कठिन होता है। परीक्षा आयोजन की प्रक्रिया लंबी और जटिल होती है, जिसमें विभिन्न विषयों, केंद्रों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का समन्वय शामिल रहता है।
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परीक्षा कार्यक्रम सुविचारित योजना के तहत तैयार किया गया है और इसमें बदलाव संभव नहीं है।
Updated on:
26 Feb 2026 09:17 am
Published on:
26 Feb 2026 09:17 am
