
राजस्थान में 20 मई को दवा दुकानें बंद, पत्रिका फोटो
Rajasthan Chemists Strike: प्रदेशभर में 20 मई को मरीजों को दवा के लिए परेशान होना पड़ सकता है। अवैध ई‑फार्मेसी और नई दवा संबंधी अधिसूचनाओं के विरोध में देशभर के केमिस्ट और दवा विक्रेताओं ने 20 मई को दवा दुकानें बंद रखने की घोषणा की है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआइओसीडी) के आह्वान पर राजस्थान केमिस्ट एलायंस (आरसीए) भी इस बंद में शामिल होगा।
हालांकि जयपुर केमिस्ट एसोसिएशन ने मरीजों की परेशानी को देखते हुए प्रस्तावित बंद से अलग रहने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने कहा कि वह ऑनलाइन दवा कारोबार के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएगी और सरकार से इस क्षेत्र में सख्त नियमन लागू करने की मांग करेगी।
राजस्थान केमिस्ट एलायंस के अध्यक्ष और एआइओसीडी के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि संगठन ने केंद्र सरकार से ई‑फार्मेसी पर सख्त कार्रवाई करने और अधिसूचनाओं को वापस लेने की मांग की है। गुप्ता ने बताया कि आमजन की सुविधा को देखते हुए आपातकालीन दवा सेवाएं जारी रहेंगी।
प्रस्तावित बंद के बीच जयपुर के केमिस्ट कारोबारियों ने अलग रुख अपनाया है। जयपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (जेसीडीए) ने स्पष्ट किया है कि शहर की दवा दुकानें बंद नहीं रहेंगी, बल्कि दुकानें खुली रखते हुए ऑनलाइन दवा व्यापार का विरोध दर्ज कराया जाएगा। संस्था के प्रवक्ता एवं एमएमएस अस्पताल केमिस्ट एसोसिएशन के सचिव अजय अग्रवाल, जयपुर अध्यक्ष अमरीश कौशिक और सचिव नवीन सांघी ने बताया कि जेसीडीए ने मरीजों की सुविधा और आमजन के हित को देखते हुए दुकानों को खुला रखने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रदेशभर में केमिस्ट 20 मई को प्रस्तावित दवा दुकानें बंद रखकर अवैध ई‑फार्मेसी और नई दवा संबंधी अधिसूचनाओं को लेकर विरोध दर्ज कराएंगे। लेकिन जयपुर के अलावा प्रदेश के लगभग सभी अन्य शहरों में दवा दुकानें बंद रहने से मरीजों की परेशानी बढ़ना तय है। हालांकि जयपुर में इसका असर कम से कम रहने वाला है। दरअसल जयपुर केमिस्ट एसोसिएशन ने बंद से अलग रहने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने कहा कि वह ऑनलाइन दवा कारोबार के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएगी और सरकार से इस क्षेत्र में सख्त नियमन लागू करने की मांग करेगी।
Published on:
19 May 2026 09:28 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
