
जयपुर।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही 'भारत जोड़ो यात्रा' जब से सवाई माधोपुर में दाखिल हुई है तब से पीली लूगड़ी चर्चा में है। राजस्थान में ग्रामीण महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा पीली लूगड़ी की रंगत ऐसी नज़र आई है कि इसका खुमार कांग्रेस पार्टी की महिला विधायकों पर भी चढ़ा नज़र आया है।
राहुल-प्रियंका के साथ छाई लूगड़ी
सवाई माधोपुर से दौसा के रास्ते निकल रही यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं पीली लुगड़ी पहनकर शामिल हो रही हैं। इस वेशभूषा का आकर्षण इस यात्रा में ऐसा नज़र आया है कि खुद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इससे इम्प्रेस नज़र आई हैं। सोशल मीडिया पर भी राहुल और प्रियंका के साथ पीली लूगड़ी पहने महिलाओं की तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं।
दिव्या ने भी शेयर किया वीडियो
कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा लगातार यात्रा के साथ बनी हुई हैं। वे हर दिन की गतिविधियां सोशल मीडिया पर अपडेट कर रही हैं। इसी क्रम में अब उन्होंने यात्रा के 8वें दिन का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वे पीली लूगड़ी की वेशभूषा पहने महिलाओं के एक समूह के साथ नज़र आ रहीं हैं। इस वीडियो में लूगड़ी पहने महिलाएं ख़ुशी से नाचती-झूमती भी दिख रही हैं।
नूरी खान पर भी चढ़ा जादू
मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष नूरी खान भी बीते सोमवार को यात्रा में शामिल हुईं थीं। वे भी यहां पीली लूगड़ी पहनकर राजस्थानी अंदाज़ में नज़र आईं थीं। प्रियंका गांधी के साथ इस वेशभूषा में कदमताल मिलाती नूरी खान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
लूगड़ी पहनकर राहुल के साथ चलीं इंदिरा
बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा भी आज पारंपरिक वेशभूषा पीली लूगड़ी पहनकर यात्रा में शामिल हुईं। इंदिरा ने राहुल गांधी का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और कुछ देर के लिए उनके साथ चलीं।
Published on:
14 Dec 2022 11:09 am
