
ED Raid in Rajasthan : आजकल प्रवर्तन निदेशालय के निशाने पर राजस्थान है। इस माह कई दिग्गजों के यहां पर ईडी ने छापेमारी की है। पंजाब नेशनल बैंक में करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी मामले में ईडी ने राजस्थान के 10 ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। ईडी बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर में कार्रवाई कर रही है। इस प्रकरण में एसीबी जोधपुर ने भी मामला दर्ज किया है। इस मामले में श्रीगंगानगर का अमनदीप चौधरी मुख्य आरोपी है।
सूत्रों के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ED) मैसर्स चौधरी बिल्डकॉन कंपनी पर कार्रवाई कर रही है। कंपनी मालिक अमनदीप चौधरी ने बैंक से 25 करोड़ रुपए का लोन लिया था। लोन की इस रकम को वेयर हाउस और अन्य कंस्ट्रक्शन में लगाया है।
1- राजस्थान में ईडी लगातार घोटालों के आरोपियों को अपने शिकंजे में दबोच रही है। 24 अप्रेल को जल जीवन मिशन (जेजेएम) से जुड़े 980 करोड़ रुपए की अनियमतता के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी को लम्बी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) विशेष न्यायालय के जज सुनील रणवाह ने जोशी को 4 दिन के रिमांड पर ईडी को सौंप दिया। 28 अप्रेल को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
2- हाल ही में ईडी ने बड़ी सहारा प्राइम सिटी लिमिटेड की लगभग 1023 एकड़ ज़मीन को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया था। इसमें जयपुर, बीकानेर समेत देश के कई शहरों में कार्रवाई हुई थी। बीकानेर में 168.5 एकड़ ज़मीन पाई गई।
3- 15 अप्रेल को राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के जयपुर स्थित आवास पर भी प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापेमारी की। बताया जा रहा है कि खाचरियावास पर यह कार्रवाई देश के सबसे चर्चित चिटफंड घोटाले पीएसीएल घोटाले से जुड़ी हुई मानी जा रही है। जिसमें प्रदेशभर के करीब 28 लाख निवेशकों के 2850 करोड़ रुपए फंसे हुए हैं।
Updated on:
25 Apr 2025, 11:18 AM IST
Published on:
25 Apr 2025, 11:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.