
election
जयपुर।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव-2018 के मतदान के लिए केवल एक दिन शेष बचा है। प्रदेश में शुक्रवार को 199 विधानसभा सीटों के लिए कल शुक्रवार को मतदान होगा। जयपुर संभाग में पांच जिलों में 50 सीटें आती है। जयपुर संभाग में अलवर, दौसा, जयपुर, झुंझुनूं और सीकर जिले आते हैं। इनकी पचास में से 35 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। वहीं कांग्रेस के पास 6 सीटें है।
बाकि सीटों में से चार पर पिछले चुनाव में राजपा का कब्जा रहा है, तो एक पर बसपा ने जीत दर्ज की थी। वहीं चार सीटों पर निर्दलीय जीते थे। इस बार के चुनाव में भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी पिछली सीटों को बरकरार रखने की है वहीं कांग्रेस पिछले हार से उबरने की कोशिश में है। संभाग में कुल 720 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जहां तक जयपुर जिले की बात है एक पर चतुष्कोणीय, 6 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला है। जयपुर जिले की 19 में से पिछले चुनाव में कांग्रेस को मात्र एक सीट कोटपूतली मिली थी। वहीं एक सीट बस्सी से निर्दलीय अंजु धानका ने जीत दर्ज की थी। एक सीट आमेर पर राजपा के नवीन पिलानियां जीते थे। इस बार जिले की सात सीटों पर त्रिकोणीय तो दो सीट पर चतुष्कोणीय मुकाबला है। वहीं शेष 10 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस में आमने सामने का मुकाबला है।
कोटपूतली : 10 प्रत्याशी इस सीट पर इस बार भाजपा-कांग्रेस और रालोपा में त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा ने यहां नए चेहरे मुकेश गोयल पर दांव खेला है तो कांग्रेस ने वर्तमान विधायक राजेन्द्र यादव को मैदान में उतारा है। पूर्व विधायक रालोपा प्रत्याशी रामस्वरूप कसाना भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों का समीकरण बिगाड़ रहे हैं। विराटनगर: 17 प्रत्याशी इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस में आमने-सामने का मुकाबला है। यहां से भाजपा ने वर्तमान विधायक फूलचंद भिण्डा पर एक बार फिर दांव खेला है, तो कांग्रेस ने नए चेहरे इन्द्रराज गुर्जर को मैदान में उतारा है। यहां से भाजपा के बागी कुलदीप धनकड़ भी मैदान में है।
शाहपुरा: 09 प्रत्याशी इस सीट पर कांग्रेस के बागी निर्दलीय प्रत्याशी आलोक बेनीवाल ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। बेनीवाल की मां पूर्व उपमुख्यमंत्री कमला बेनीवाल भी उनके समर्थन में प्रचार कर रही है। भाजपा ने यहां अपने वर्तमान विधायक राव राजेन्द्र को फिर मौका दिया है तो कांग्रेस ने पिछले चुनाव में निर्दलीय लड़े मनीष यादव पर दांव खेला है।
चौमूं: 15 प्रत्याशी चौमूं में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है, लेकिन यहां रालोपा से छुट्टन यादव पर दोनों दलों की नजर है। भाजपा ने वर्तमान विधायक रामलाल शर्मा को फिर मौका दिया है तो कांग्रेस ने पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी को मैदान में उतारा है।
फुलेरा: 18 प्रत्याशी इस सीट पर चतुष्कोणीय मुकाबला है। यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के बागियों ने ताल ठोक रखी है। भाजपा ने वर्तमान विधायक निर्मल कुमावत पर एक बार फिर दांव खेला है तो कांग्रेस ने नए चेहरे विद्याधर चौधरी को मैदान में उतारा है। भाजपा के बागी निर्दलीय डी.डी. कुमावत और कांग्रेस की बागी रालोपा से स्पर्धा चौधरी ने मुकाबले को रोचकबना दिया है।
दूदू: 10 प्रत्याशी दूदू में पूर्वमंत्री बाबूलाल नागर ने निर्दलीय मैदान में उतरकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। भाजपा ने वर्तमान विधायक डॉ.प्रेमचंद बैरवा पर दांव खेला है तो कांग्रेस ने नए चेहरे रितेश बैरवा को मैदान में उतारा है। झोटवाड़ा: 20 प्रत्याशी इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। भाजपा ने वर्तमान विधायक और मंत्री राजपाल सिंह पर तीसरी बार दांव खेला है तो कांग्रेस ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री लालचन्द कटारिया को मैदान में उतारा है।
आमेर: 15 प्रत्याशी राजपा से बसपा में शामिल हुए वर्तमान विधायक नवीन पिलानियां ने आमेर में मुकाबले को रोचक और त्रिकोणीय बना दिया है। भाजपा ने पिछले चुनाव में हारे प्रत्याशी सतीश पूनिया पर फिर एक बार दांव खेला है तो कांग्रेस ने नए चेहरे प्रशांत शर्मा को मैदान में उतारा है।
जमवारामगढ़: 11 प्रत्याशी इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। भाजपा ने नए चेहरे पूर्व जमवारामगढ़ सरपंच महेन्द्रपाल मीणा को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने पूर्व विधायक गोपाल मीणा पर दांव खेला है।
हवामहल: 19 प्रत्याशी इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस में त्रिकोणीय मुकाबला है भाजपा ने वर्तमान विधायक सुरेन्द्र पारीक पर दांव खेला है तो कांग्रेस ने पूर्व सांसद महेश जोशी को मैदान में उतारा है वहीं भारत वाहिनी पार्टी के विमल अग्रवाल ने बीते कुछ महीनों में अच्छी पकड़ बनाई है।
विद्याधर नगर: 21 प्रत्याशी कांग्रेस के बागी निर्दलीय विक्रम सिंह ने इस सीट पर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। भाजपा ने एक बार फिर यहां से पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी पर दांव खेला है तो कांग्रेस ने नए चेहरे व्यापार और उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष सीताराम अग्रवाल को मैदान में उतारा है। इसी के साथ भारत वाहिनी पार्टी के पवन गोयल भी चुनावी मैदान में है।
सिविल लाइंस: 18 प्रत्याशी इस सीट पर पिछले चुनाव में प्रतिद्वंद्धी रहे प्रत्याशियों पर फिर एक बार मुकाबला है। भाजपा ने वर्तमान विधायक मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास पर फिर दांव खेला है। मुकाबला आमने-सामने का है।
किशनपोल: 46 प्रत्याशी जयपुर जिले में सबसे ज्यादा प्रत्याशी किशनपोल विधानसभा में 46 है। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा के वर्तमान विधायक मोहनलाल गुप्ता और कांग्रेस के पिछले चुनाव में हारे प्रत्याशी अमीन कागजी से है। यहां जमीदारां पार्टी की चारूगुप्ता, निर्दलीय भारत शर्मा दोनों दलों के समीकरण बिगाड़ रहे है।
आदर्शनगर: 31 प्रत्याशी इस सीट पर कांग्रेस ने एक बार फिर मुस्लिम चेहरे पर दांव खेला है। कांग्रेस ने नए चेहरे और व्यापारी रफीक खान को मैदान में उतारा है तो भाजपा ने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी पर एक बार फिर भरोसा जताया है। मुकाबला कड़ा है।
मालवीयनगर : 22 प्रत्याशी इस सीट पर भाजपा ने वर्तमान विधायक और चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ पर एक बार फिर दांव खेला है। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में प्रत्याशी रही अर्चना शर्मा को फिर मैदान में उतारा है। दोनों में एक बार फिर आमने-सामने की टक्कर है।
सांगानेर : 29 प्रत्याशी जयपुर जिले की हॉट सीटों में शुमार सांगानेर से भाजपा छोड़कर अपनी पार्टी भारत वाहिनी बनाने वाले घनश्याम तिवाड़ी की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां से भाजपा ने जयपुर महापौर अशोक लाहोटी पर दांव खेला है तो कांग्रेस ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पुष्पेन्द्र भारद्वाज को मैदान में उतारा है। तिवाड़ी, लाहोटी और भारद्वाज में त्रिकोणीय संघर्ष है।
बगरू: 15 प्रत्याशी इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस में आमने-सामने की टक्कर है। भाजपा ने वर्तमान विधायक कैलाश वर्मा को एक बार फिर मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने पूर्व विधायक गंगादेवी पर फिर दांव खेला है।
Updated on:
06 Dec 2018 09:05 pm
Published on:
06 Dec 2018 09:05 pm
