
जयपुर।
भाजपा में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद लगातार बगावत के सुर बढ़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस में उम्मीदवारों की घोषणा हुए बिना ही आपसी विरोध तेज हो गया है। फुलेरा क्षेत्र के उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस के दो बड़े नेताओं की खबर के अब इसकी लपट नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के सरकारी बंगले तक पहुंच गई। फुलेरा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को डूडी के बंगले पर प्रदर्शन किया।
फुलेरा सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हरिसिंह के पुत्र विद्याधर और नेता प्रतिपक्ष डूडी यहां से स्पर्धा चौधरी को उम्मीदवार बनवाना चाहते हैं। इसको लेकर दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के सामने पायलट और डूडी के बीच बहस की सूचना मिलने के बाद फुलेरा से हरिसिंह समर्थक कार्यकर्ता एकत्र होकर जयपुर सिविल लाइंस स्थित डूडी के बंगले पर पहुंचे।
हाथों में बैनर और तख्तियां ले रखी थी। इन पर पैराशूटी उम्मीदवार नहीं उतारने पर अमल करने जैसे नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक होने के चलते सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाया। इसके बाद प्रदर्शनकारी लौट गए।