
इलेक्शन डेस्क
जयपुर. चुनावों में जीत-हार एक से लेकर हजारों-लाखों वोटों तक भी होती है, लेकिन नजदीक से हार बहुत दिल दुखाती है। चुनाव में एक-एक वोट की भी कीमत होती है। जैसे...एक वोट से हार-जीत का इतिहास राजस्थान में बन चुका है, जब वर्ष 2008 के चुनाव में नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के कल्याणसिंह चौहान ने कांग्रेस के सी.पी. जोशी (मौजूदा विधानसभाध्यक्ष) को मात्र एक मत से हरा दिया था।
तब चौहान को कुल 62,216 वोट और जोशी को 62,215 वोट मिले थे। इसी प्रकार 2008 के ही चुनाव में लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के गोविंदसिंह डोटासरा (मौजूदा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष) ने निर्दलीय दिनेश जोशी को मात्र 34 मतों से हराया था। डोटासरा को 31,705 और दिनेश जोशी को 31,671 मत मिले थे। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में नौ उम्मीदवारों ने एक हजार वोटों से भी कम के अंतर से जीत दर्ज की थी।
तीन प्रत्याशी तो ऐसे थे जो 500 मतों से भी कम के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी से मात खा बैठे। पिछले चुनाव में आसींद से कांग्रेस के मनीष मेवाड़ा भाजपा के जब्बर सिंह से 154, मारवाड़ जंक्शन से भाजपा के केसाराम चौधरी निर्दलीय खुशवीर सिंह से 251 और पीलीबंगा(एससी) सीट से कांग्रेस के विनोद कुमार भाजपा के धर्मेंद्र कुमार से मात्र 278 मतों से हार गए थे।
6 प्रत्याशी 713 से 957 मतों के अंतर से हारे
इसके अलावा छह उम्मीदवार ऐसे रहे जो 713 से 957 मतों के अंतर से शिकस्त खा बैठे। इनमें बूंदी से कांग्रेस के हरिमोहन शर्मा, फतेहपुर से भाजपा की सुनीता कुमारी, पोकरण से भाजपा के प्रताप पुरी, दांतारामगढ़ से भाजपा के हरीशचंद कुमावत, खेतड़ी से भाजपा के धर्मपाल और सिवाना से निर्दलीय बलराम शामिल रहे।
विधानसभा क्षेत्र- विजयी- मत- पराजित - मत- अंतर
आसींद- जब्बर सिंह(भाजपा)- 70249- मनीष मेवाड़ा (कांग्रेस) -70095- 154
मारवाड़- जंक्शन खुशवीर सिंह(निर्दलीय)- 58921- केसाराम चौधरी (भाजपा)- 58670- 251
पीलीबंगा- (एससी) धर्मेंद्र कुमार(भाजपा)- 106414- विनोद कुमार (कांग्रेस)- 106136- 278
बूंदी- अशोक डोगरा(भाजपा)- 97370- हरिमोहन शर्मा (कांग्रेस)- 96657- 713
फतेहपुर- हाकमअली खान(कांग्रेस)- 80354- सुनीता कुमारी (भाजपा)- 79494- 860
पोकरण- शाले मोहम्मद(कांग्रेस)- 82964- प्रताप पुरी (भाजपा) -82092- 872
दांतारामगढ़- वीरेंद्र सिंह(कांग्रेस)- 64931- हरीशचंद कुमावत (भाजपा)- 64011- 920
खेतड़ी- जितेंद्र सिंह(कांग्रेस)- 57153- धर्मपाल (भाजपा)- 56196- 957
सिवाना- हमीर सिंह भायल(भाजपा)- 50657- बलराम (निर्दलीय)- 49700- 957
Updated on:
20 Oct 2023 07:58 am
Published on:
20 Oct 2023 07:58 am
