21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Manvendra Singh Jasol : दूसरी शादी के सवाल पर पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की पहली प्रतिक्रिया, जानें क्या बोले?

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जसवंत सिंह के परिवार से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको चौंका दिया है। इस हाई-प्रोफाइल पारिवारिक विवाद के केंद्र में हैं पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह और उनकी दूसरी शादी की चर्चाएं।

3 min read
Google source verification

राजस्थान की राजनीति और मारवाड़ के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में से एक, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जसवंत सिंह के परिवार से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको चौंका दिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मां और बेटे के बीच की कड़वाहट साफ नजर आ रही है। इस हाई-प्रोफाइल पारिवारिक विवाद के केंद्र में हैं पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह और उनकी दूसरी शादी की चर्चाएं।

जसवंत सिंह के परिवार में रार

राजस्थान के कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय जसवंत सिंह के घर में छिड़ी पारिवारिक जंग अब सड़कों पर आ गई है। जसवंत सिंह के बेटे पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह और उनकी मां शीतल कंवर के बीच तीखी नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

वीडियो में शीतल कंवर अपने बेटे मानवेंद्र को घर के भीतर आने से साफ मना करती दिख रही हैं। मारवाड़ी अंदाज में मां ने बेटे से कहा— "थनै म्हैं घर में नी आवण दूं…थै अठैऊं जाओ…।" (मैं तुम्हें घर में नहीं आने दूंगी, तुम यहां से चले जाओ)।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का सच

पिछले कुछ दिनों से मारवाड़ के गलियारों में मानवेंद्र सिंह की दूसरी शादी को लेकर कयासों का बाजार गर्म था। वायरल वीडियो ने इन चर्चाओं को और बल दे दिया है। वीडियो में मानवेंद्र सिंह अपने सुरक्षा गार्ड्स के साथ अपने ही घर के बाहर खड़े जद्दोजहद करते नजर आ रहे हैं, जबकि मां शीतल कंवर घर के भीतर से उन्हें गेट पर ही रोक रही हैं।

बताया जा रहा है कि यह विवाद मानवेंद्र सिंह द्वारा किसी दूसरी जाति की युवती से कथित तौर पर शादी करने के बाद शुरू हुआ है।

दूसरी शादी के सवाल पर मानवेंद्र सिंह की पहली प्रतिक्रिया

जब इस पूरे विवाद और दूसरी शादी के आरोपों को लेकर 'पत्रिका' ने मानवेंद्र सिंह से संपर्क किया, तो उनकी प्रतिक्रिया बेहद चौंकाने वाली और रहस्यमयी रही। उन्होंने आरोपों पर सीधा जवाब देने के बजाय एक दार्शनिक और कड़ा रुख अपनाया।

मानवेंद्र सिंह ने कहा, 'अभी देश के लिए महत्वपूर्ण सूचना ईरान की लड़ाई है या सोशल मीडिया की सूचनाएं?' इतना कहकर उन्होंने फोन काट दिया। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि वे फिलहाल इस व्यक्तिगत मामले पर सार्वजनिक सफाई देने के मूड में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने इन चर्चाओं को सिरे से नकारा भी नहीं है।

3 मार्च की घटना !

सूत्रों के अनुसार, मानवेंद्र सिंह 3 मार्च को कथित तौर पर अपनी दूसरी पत्नी के साथ घर पहुँचे थे। लेकिन परिवार ने उन्हें भीतर प्रवेश की इजाजत नहीं दी। चर्चा यह भी है कि इस विवाद में न केवल उनकी मां, बल्कि उनके भाई और उनके खुद के बेटे-बेटी भी उनसे खासे नाराज चल रहे हैं। परिवार के अन्य सदस्यों ने फिलहाल इस पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन घर की दहलीज पर खड़ा यह विवाद अब सार्वजनिक हो चुका है।

खुशियों के बाद कलह का साया

हैरानी की बात यह है कि कुछ ही दिनों पहले मानवेंद्र सिंह के बेटे हमीर सिंह की शादी बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुई थी। इस शाही शादी में राजस्थान के दिग्गज राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए थे। उस समय परिवार में सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन बेटे के रिसेप्शन के ठीक बाद पिता की दूसरी शादी की खबरों ने परिवार को दो फाड़ कर दिया है।

सड़क हादसे में हुई थी पत्नी की मौत

बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की मृत्यु एक दुखद सड़क हादसे में हुई थी। यह घटना 30 जनवरी 2024 को राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घटित हुई थी।

कैसे हुआ हादसा: मानवेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ दिल्ली से जयपुर जा रहे थे। अलवर के नौगांवा के पास उनकी लग्जरी कार (एसयूवी) अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई। बताया जाता है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक को नींद की झपकी आने की वजह से संतुलन बिगड़ गया था।

  • मौके की स्थिति: टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त चित्रा सिंह अगली सीट पर बैठी थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुँचने से पहले ही उनका निधन हो चुका था।
  • परिवार के अन्य सदस्य: इस दुर्घटना में मानवेंद्र सिंह खुद और उनके बेटे हमीर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। मानवेंद्र सिंह की पसलियों में फ्रैक्चर हुआ था और उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में उपचाराधीन रहना पड़ा था।

मारवाड़ की राजनीति पर असर?

जसवंत सिंह का परिवार न केवल बाड़मेर-जैसलमेर बल्कि पूरे राजस्थान की राजनीति में विशेष स्थान रखता है। ऐसे में पूर्व सांसद के निजी जीवन में आई यह उथल-पुथल उनके राजनीतिक करियर और सामाजिक साख पर क्या असर डालेगी, यह आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल, सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।