
प्रतीकात्मक तस्वीर। (फोटो- पत्रिका डिजाइन)
Crime News: राजस्थान में पिछले 24 घंटों के भीतर महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाली तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। बूंदी, दौसा और अलवर से आई इन खबरों ने न केवल पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है, बल्कि आम जनता के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। कहीं परीक्षा देकर लौट रही छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया, तो कहीं खेत पर गई युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।
सबसे रूह कंपा देने वाली घटना बूंदी जिले के एक थाना इलाके से आई है। यहाँ 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा जब परीक्षा देकर अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उसे अगवा कर लिया। आरोप है कि दरिंदों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाया और बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) किया।
आरोपी पीड़िता को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने जब बेटी को गंभीर हालत में देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता को तुरंत कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता के पिता ने परिचितों पर ही इस घिनौनी वारदात का आरोप लगाया है। पुलिस (SP राजेंद्र मीणा) ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
दूसरी घटना दौसा के एक गांव की है, जहाँ दोपहर में अपनी मां को खाना देने खेत पर गई एक युवती रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि युवती का अपहरण (Kidnap) किया गया है। मौके पर पहुंचे डीएसपी धर्मेंद्र शर्मा के आश्वासन और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने के वादे के बाद जाम खोला गया। पुलिस बांदीकुई एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पर लगे कैमरों की जांच कर रही है।
वहीं, अलवर के एक थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ अनैतिक कृत्य का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मोहित मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता ने 10 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। थाना प्रभारी रमेश सैनी के अनुसार, आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इन तीनों घटनाओं ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। एक ओर पुलिस जल्द गिरफ्तारी के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों और परिजनों में भारी डर का माहौल है। बूंदी की मासूम हो या दौसा की लापता युवती, न्याय की गुहार अब सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक गूंज रही है।
Updated on:
01 Mar 2026 09:25 am
Published on:
01 Mar 2026 09:25 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
