
पढें— राजे के सामने मानवेंद्र के चुनाव लडने पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री
जयपुर। केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने मानवेंद्र सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि वे सीएम वसुंधरा राजे के सामने कोई प्रभाव नहीं छोड पाएंगे। कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी को खत्म करने का काम किया है। राजे सालों से राज्य की सेवा करती आ रही है। वे रविवार को मीडिया सेंटर, सिविल लाइन्स में पत्रकारों को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 'युवां री बात अमित शाह रे' के बारे में बता रहे थे। शाह 21 नवम्बर को राज्य के युवा मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगे। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक शाह युवाओं के सवालों का जवाब देंगे। मानसरोवर स्थित दीप सभागार में मुख्य आयोजन होगा। 4000 से अधिक युवा इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
टिकट में कोटा सिस्टम कांग्रेस की देन
अब तक मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट न देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि टिकट बांटने का कोटा सिस्टम कांग्रेस की देन है। केंद्र सरकार की हर योजना का लाभ हर वर्ग को मिल रहा है, उसमें मुस्लिम भी शामिल हैं। धर्म के नाम पर यदि टिकटों का वितरण शुरू हुआ तो फिर कोई अंत ही नहीं रहेगा। भाजपा ने तो मुस्लिम महिलाओं के लिए वो काम किया है जो मुस्लिमों को टिकट देने वाले दल नहीं कर पाए।
पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाले नेताओं पर उन्होंने कहा कि स्वार्थ से पार्टी से जुड़ाव रखने वाले लोग जल्द ही सामने आ गए। जिस पार्टी ने जिन नेताओं को शिखर पर पहुंचाया उन्हीं को तय करना है कि वे पार्टी के साथ खड़े होंगे या बगावत करेंगे।
ऐसे करा सकेंगे पंजीयन
-फोन-9828888882 पर मिस्ड कॉल देकर।
-#AskAmitShah ट्विटर पर
-प्रश्न संग्रह पेटी और पार्टी की वेबसाइट पर सवाल पूछ सकते हैं।
Updated on:
18 Nov 2018 08:29 pm
Published on:
18 Nov 2018 08:29 pm
