13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Good News: राजस्‍थान में आने वाला है मानसून, IMD ने बताई तारीख और कैसी रहेगी बरसात

Rajasthan Monsoon Update: 10 दिन के भीतर प्रदेश में प्रवेश करेगा मानसून, उधर चक्रवाती तूफान बिपरजाॅय से अब तक छह लोगों की मौत, अब भारी बारिश में आएगी कमी

less than 1 minute read
Google source verification
pre monsoon

Good News: राजस्‍थान में आने वाला है मानसून, IMD ने बताई तारीख और कैसी रहेगी बरसात

जयपुर। मानसून से ठीक पहले चक्रवाती तूफान ने प्रदेश के कुछ जिलों में बाढ़ के हालात बना दिए हैं। ज्यादातर जिलों में अच्छी बरसात हुई है। वहीं अब जल्द ही मानसून भी खुशखबर देने वाला है। मानसून अपनी गति से आगे बढ़ रहा है और 30 जून तक प्रदेश में एंट्री कर लेगा।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार मानसून के पूर्व से पश्चिम की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है और जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून प्रवेश कर लेगा। 25 जून से प्रदेश में एक बार पुन: बरसात का दौर शुरू होगा। उस चरण में मानसून एंट्री कर लेगा।

तूफान के कहर से छह की मौत
चक्रवाती तूफान बिपरजाॅय के कारण चार-पांच दिन से चला भारी बरसात का दौर अब थमेगा। प्रदेश में सर्वाधिक बारिश धौलपुर में 188 मिमी दर्ज की गई। सोमवार रात समीप के मनियां कस्बे की हरिजन बस्ती में एक मकान भरभरा कर गिर गया। हादसे में मकान में सो रहे अनिल की मौत हो गई। वहीं जालोर जिले के उम्मेदाबाद में एक व वलदरा गांव में दो बालिकाएं डूब गई। बूंदी के नैनवां में जजावर से ढाई किमी दूर नाड़ी में दो बालक डूब गए।

जारी रही बरसात
वहीं मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बरसात का दौर जारी रहा। दिनभर रूक-रूककर बारिश होती रही। जयपुर में 11.6 मिमी, चित्तौड़गढ़ में 34, भीलवाड़ा में 3 मिमी बरसात हुई। जिसके कारण तापमान में भी गिरावट हुई।

..और यहां गर्मी
तूफान से इतर उत्तरी राजस्थान के जिलों में गर्मी सता रही है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया। यही हाल आस-पास के जिलों में भी रहा।