15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CBSE 12th Result: जयपुर की चयनिका और दृष्टि ने मारी बाजी, 98 प्रतिशत से ज्यादा अंक, आदि टोडवाल के आए 97 फीसदी नंबर

CBSE 12th Result: सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में जयपुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। चयनिका मंडल ने 98.8 प्रतिशत और दृष्टि जैन ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

May 13, 2026

Jaipur CBSE Result

नारंगी टीशर्ट में चयनिका और बीच में दृष्टि जैन (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार जयपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। शहर की चयनिका मंडल ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप प्रदर्शन करने वालों में जगह बनाई, वहीं दृष्टि जैन ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा कॉमर्स वर्ग के छात्र आदि टोडवाल ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया।

इस वर्ष परिणाम जारी होने का क्रम भी अलग रहा। पहली बार ऐसा हुआ कि सीबीएसई ने 10वीं के बाद 12वीं का रिजल्ट जारी किया। 10वीं का परिणाम 15 अप्रैल को घोषित किया गया था। बोर्ड ने इस बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली अपनाई, जिसके चलते परीक्षा परिणाम 52 दिनों में जारी कर दिए गए।

कॉमर्स वर्ग में दृष्टि के 98.2 फीसदी नंबर

जयपुर की दृष्टि जैन ने कॉमर्स वर्ग में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्हें एप्लाइड मैथेमेटिक्स में 100 में से 100 अंक मिले। दृष्टि भारतीय विद्या भवन विद्याश्रम, मुंशी मार्ग जयपुर की छात्रा हैं। उनके पिता राकेश कुमार जैन सोने-चांदी के व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि माता मीना जैन एक आर्टिस्ट हैं। दृष्टि ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, परिवार और शिक्षकों के सहयोग को दिया है। उन्होंने बताया कि आगे वे CUET की तैयारी कर अच्छी यूनिवर्सिटी से बीबीए करना चाहती हैं।

तीन सब्जेक्ट में 100 में 100 नंबर

वहीं चयनिका मंडल ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की। उन्हें केमिस्ट्री, मैथ्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय में पूरे 100 अंक मिले। चयनिका कैंब्रिज कोर्ट वर्ल्ड स्कूल, मानसरोवर जयपुर की छात्रा हैं। उनके पिता सी. चंद्रन मंडल हैं। कॉमर्स वर्ग के छात्र आदि टोडवाल ने भी 97 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपने परिवार व स्कूल का नाम रोशन किया।

फिर छात्राओं ने मारी बाजी

राजस्थान के अंतर्गत आने वाले अजमेर रीजन का कुल परिणाम 86.78 प्रतिशत दर्ज किया गया। हालांकि यह आंकड़ा पिछले वर्ष के मुकाबले कम रहा। बीते साल इस रीजन का रिजल्ट 90.40 प्रतिशत था। राजस्थान से कुल 88 हजार 118 विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा दी थी। इनमें 50 हजार 354 छात्र और 37 हजार 564 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने फिर बाजी मारी। छात्राओं का पास प्रतिशत 90.14 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 84.26 प्रतिशत दर्ज किया गया।