13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CBSE Result 2026: दिव्यांगता नहीं बनी बाधा, जयपुर की अंजना पोद्दार ने 98.6 फीसदी अंक हासिल कर रचा नया कीर्तिमान

CBSE Result 2026: दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बनाकर जयपुर की अंजना पोद्दार ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका आत्मविश्वास और मेहनत ऐसी मिसाल बन गई है, जो हर छात्र को सपनों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

May 13, 2026

Jaipur CBSE result

दिव्यांग छात्रा अंजना पोद्दार (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के दम पर इंसान हर चुनौती को पीछे छोड़ सकता है। इसका शानदार उदाहरण जयपुर की छात्रा अंजना पोद्दार ने पेश किया है। दिव्यांग होने के बावजूद अंजना ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। अंजना के 12वीं सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट में एंटरप्रेन्योरशिप और ऑर्टिफिसियल इंटेलीजेंस सब्जेक्ट में 100 में से 100 नंबर आए हैं। उनकी उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो छोटी-छोटी परेशानियों को अपनी कमजोरी मानकर लक्ष्य से पीछे हट जाते हैं।

जयपुर के बनी पार्क क्षेत्र की रहने वाली अंजना पोद्दार ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया। वे विद्याधर नगर स्थित धाराव हाई स्कूल की छात्रा हैं। पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहने वाली अंजना अब आगे एमबीए की पढ़ाई करना चाहती हैं। उनका सपना मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री में खुद का बड़ा व्यवसाय स्थापित करना है।

दिव्यांगता को नहीं महसूस होने दी कमजोरी

अंजना का कहना है कि सफलता के पीछे सबसे बड़ा योगदान उनकी मां का रहा है। उनकी मां तुषीना पोद्दार हर दिन उन्हें स्कूल छोड़ने और वापस लाने जाती थीं। पढ़ाई से लेकर मानसिक हौसला बढ़ाने तक, परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया। अंजना बताती हैं कि परिवार के सहयोग और खुद की मेहनत ने उन्हें कभी अपनी दिव्यांगता को कमजोरी महसूस नहीं होने दिया।

परिवार भी व्यापार से जुड़ा

अंजना की मां तुषीना पोद्दार खुद भी एक व्यवसायी हैं। वे राजस्थानी कपड़ों और मोजड़ी से जुड़े उद्योग का संचालन करती हैं। उनका व्यापार मैन्युफैक्चरिंग और इंपोर्ट-एक्सपोर्ट से जुड़ा हुआ है। वहीं अंजना के पिता अनुज पोद्दार रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हैं। परिवार के कारोबारी माहौल ने भी अंजना को आगे बढ़ने और खुद का बिजनेस शुरू करने की प्रेरणा दी है।

अलग पहचान बनाना चाहती हैं अंजना

अंजना ने बताया कि वे केवल अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं रहना चाहतीं, बल्कि भविष्य में एक सफल उद्यमी बनकर अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं। उनका मानना है कि अगर आत्मविश्वास मजबूत हो और परिवार का साथ मिले तो कोई भी बाधा सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती।

पढ़ाई में निरंतरता महत्वपूर्ण

सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली अंजना आज कई विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत और हौसले के सामने किसी भी तरह की चुनौती बड़ी नहीं होती। अंजना ने कहा कि पढ़ाई में निरंतरता सबसे महत्वपूर्ण है, यदि हम रेगुलर स्टडी करते हैं तो अच्छे अंक आने से कोई नहीं रोक सकता है।