
Albert Hall
Rajasthan Cm Bhajan Lal Sharma Oath Ceremony : राज्य के नए सीएम भजन लाल शर्मा शुक्रवार को अल्बर्ट हॉल से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ डिप्टी सीएम दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को राज्यपाल कलराज मिश्र पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। 15 दिसंबर 2023 को सुबह 12.15 बजे कार्यक्रम रखा गया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित एक लाख लोगों के पहुंचने का लक्ष्य है। वर्ष 2018 में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भी इसी जगह शपथ ली थी। समारोह में भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है।
अल्बर्ट हॉल पर कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई है। समारोह स्थल पर भाजपा के झंडो की झालरें लगाई जाएंगी और कार्यक्रम स्थल को केसरिया झालरों और रोशनी से सजाने की तैयारियां भी चल रही हैं। पुलिस के कई आला अधिकारी भी दिनभर अल्बर्ट हॉल के साथ-साथ पीएम के रूट का भी निरीक्षण करेंगे। आमंत्रित मेहमानों और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बैठने की अलग से व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम को लेकर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
मुख्य मंच के दोनों और मंच
अल्बर्ट हॉल पर मुख्य मंच बनाया जाएगा। इसके दोनों और दो मंच भी बनाए जाएंगे। यहां नव निर्वाचित विधायकों को बैठाया जा सकता है। मुख्य मंच पर पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम भजन लाल शर्मा व दोनों डिप्टी सीएम के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी सहित कई बड़े नेताओं को मुख्य मंच पर जगह दी जाएगी।
यह भी पढ़ें :-
समारोह में दिखेगी राजस्थानी संस्कृति की झलक
समारोह में राजस्थानी संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। राजस्थान साफा में नेता नजर आएंगे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजधानी के मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों को सजाया जाएगा। भाजपा के झंडो और होर्डिंग कट आउट सहित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं वाले पोस्टर और बैनर भी लगाये जाएंगे।
कार्यकर्ताओं को भी निमंत्रण
समारोह के लिए भाजपा ने प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं को निमंत्रण भिजवाया है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ता शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाग लेंगे। समारोह के लिए राजस्थान सहित अन्य राज्यों के विशिष्ट लोगों को भी निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। इसमें प्रबुद्धजनों सहित राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं। इसके अलावा खेल जगत और साहित्यिक जगत के खास लोगों को भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलावा भेजा जा रहा है।
Published on:
14 Dec 2023 11:27 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
