23 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पति के सामने दर्दनाक सड़क हादसे में पत्नी की मौत, लोग बनाते रहे फोटो-वीडियो

जयपुर-सीकर हाईवे स्थित राधास्वामी बाग तिराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जयपुर करधनी निवासी एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
chomu_road_accident.jpg

जयपुर/चौमूं। स्थानीय पुलिस थाना इलाके में जयपुर-सीकर हाईवे स्थित राधास्वामी बाग तिराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जयपुर करधनी निवासी एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार उसका पति सकुशल बच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शहर के उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इधर, पुलिस वाहन की तलाश में जुटी रही। हादसे के बाद आधा घंटा तक हाईवे पर जाम लगा रहा। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटाकर यातायात सुचारू करवाया।

थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि जयपुर के करधनी निवासी प्रेमचंद वर्मा व उसकी पत्नी राजू देवी बाइक से सामोद के वीर हनुमान धाम मंदिर में जाकर वापस जयपुर लौट रहे थे। मंगलवार दोपहर में राधास्वामी बाग चौराहे पर पहुंचने पर किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 45 वर्षीय राजू देवी की मौत हो गई। हालांकि उसका पति सकुशल बच गया। शव को कब्जे में लेकर शहर के राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को शव सुपुर्द किया।

हादसे के बाद जयपुर-सीकर हाईवे पर लगा रहा जाम

इधर, हादसे के बाद जयपुर - सीकर हाईवे की तरफ रोड पर जाम लग गया। आधा घंटे तक लगे जाम से वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे वाहन चालकों एवं यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू करवाया। इसके बाद भी वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।

लोग फोटो वीडियो बनाते दिखे

हादसे के बाद लोग फोटो वीडियो बनाते दिखे, लेकिन सडक़ पर पड़ी महिला को उठाने की जहमत नहीं उठाई। बाद में मृतका पति प्रेमचंद ने हिम्मत जुटाते हुए एंबुलेंस में रखवाया। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग एकत्र रहे।

बिलख पड़े परिजन

हादसे की सूचना चौमूं के उप जिला अस्पताल में पहुंचे परिजन महिला की हादसे में मौत को लेकर बिखलते दिखे। पति प्रेमचंद के आंखों में पत्नी को खोने का दर्द साफ नजर आ रहा था। हालांकि मौके पर एकत्र लोगों ने परिजनों एवं पति को ढांढस बंधाया।