
जयपुर।
प्रदेश में पूरे कड़े बंदोबस्त के साथ रविवार को हुई RAS Pre Exam 2018 शांतिपूर्वक संपन्न हुई, लेकिन प्रदेश में नेटबंदी के चलते हर कोई हताश रहा। प्रदेश में नेटबंदी का ये पहला मौका नहीं था,राज्य में पिछले 8 माह में ही रविवार को नेट कर्फ्यू का यह 9वां मौका था। नेटबंदी के चलते एक बार फिर जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदेश में चार घंटे ऑनलाइन कारोबार ठप्प सा पड़ गया।
सुबह करीब 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक नेटबंदी से ऑनलाइन कैब, ऑनलाइन फूड डिलीवरी, टिकट बुकिंग समेत अन्य इंटरनेट की सेवाएं प्रभावित रही।
राजधानी जयपुर में लाखों रुपयों का कारोबार प्रभावित हुआ। इससे पहले नेटबंदी का ये आलम राज्य में जुलाई माह में चली राजस्थान पुलिस कांस्टेबल परीक्षा में देखने को मिला था। राजधानी जयपुर समेत राजस्थान के कई जिलों में सुबह 9 बजे से 1 बजे तक इंटरनेट पूरी तरह से बंद रहा। आरएएस परीक्षा के चलते जयपुर समेत अन्य जिलों उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, करोली,श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, धोलपुर, बीकानेर, चूरू, जालोर, नागौर, टोंक में नेटबंदी का असर रहा।
बता दें कि RAS Pre EXAM-2018 रविवार को सुबह 10 बजे से शुरू हुई जो दोपहर 1 बजे तक चली। आरएएस प्री की यह भर्ती परीक्षा RAS के 980 पद और आरटीएस के 37 पदों के लिए हुई है। परीक्षा के लिए करीब 5 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया है। राजस्थान में आरएएस प्री परीक्षा के लिए करीब 1454 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिन पर पूरी कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षा शुरू होने के करीब 1 घंटे पहले से प्रदेश में नेट बंद कर दिया गया और परीक्षा के संपन्न होने तक नेट बंद रहा। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी भी उठानी पड़ी।
गौरतलब है कि पिछले माह में राजस्थान पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले राजस्थान पुलिस ने हर जिले में नेटबंदी की थी। इस नेटबंदी का असर 14 और 15 जुलाई को प्रदेशभर में देखा गया था।
Published on:
05 Aug 2018 05:38 pm
