
प्रतीकात्मक तस्वीर-एआई जेनरेटेड
जयपुर। राजस्थान के बुजुर्गों, विधवाओं और जरूरतमंद लोगों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट भाषण के दौरान घोषणा की कि अगले साल से सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 150 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद पेंशन की राशि बढ़कर 1450 रुपये प्रति माह हो जाएगी।
सरकार का कहना है कि वह प्रदेश के नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बढ़ोतरी का लाभ वृद्धजन, विधवा एवं एकल नारी, विशेष योग्यजन और लघु व सीमांत किसानों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना के तहत राज्य के पात्र बुजुर्गों को पेंशन दी जाती है। इसमें 55 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं और 58 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष शामिल हैं। इसके लिए वार्षिक आय 48 हजार रुपये से कम होनी चाहिए और आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है। पेंशन के लिए आवेदन ई-मित्र केंद्र या ऑनलाइन जनआधार के माध्यम से किया जा सकता है।
इसके अलावा सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए भी राहत की घोषणाएं की हैं। आगामी वर्ष में 25 हजार दिव्यांगजनों को जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही 2 हजार 500 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क स्कूटी दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
निर्माण श्रमिकों के लिए भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब दुर्घटना या सामान्य मृत्यु की स्थिति में दी जाने वाली सहायता राशि का 50 प्रतिशत सावधि जमा में रखने के बजाय पूरी राशि एकमुश्त श्रमिकों के आश्रितों के बैंक खाते में दी जाएगी। पुराने लंबित मामलों का निपटारा भी इसी व्यवस्था के तहत किया जाएगा।
वहीं, जरूरतमंद परिवारों और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रदेश में नए छात्रावास खोलने की भी घोषणा की गई है, ताकि उन्हें शिक्षा और आवास की बेहतर सुविधा मिल सके।
Published on:
28 Feb 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
